डायल 112 के भरोसे को किया तार-तार, युवती से सामूहिक दुष्कर्म
112 सेवा का चालक निकला मुख्य आरोपी, दो गिरफ्तार, तीन फरार
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ आपातकालीन सेवा डायल 112 से जुड़े चालक ने ही एक 19 वर्षीय युवती को हवस का शिकार बना दिया। चालक ने भरोसे का गलत इस्तेमाल करते हुए युवती को सुनसान क्वार्टर में बुलाया और अपने चार साथियों के साथ मिलकर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
यह घटना बंकमोंगरा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पीड़िता के अनुसार, गुरुवार रात करीब 11 बजे उसे डायल 112 के चालक का फोन आया, जिसने किसी बहाने से उसे बंकी क्षेत्र स्थित एक सुनसान आवासीय परिसर में बुलाया। वहां पहले से मौजूद चार अन्य युवकों के साथ मिलकर आरोपियों ने जबरदस्ती की।
घटना के बाद आरोपी युवती को बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए। होश में आने पर पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। परिजनों ने तत्काल उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां से पुलिस को सूचना दी गई।
मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने पहले जीरो एफआईआर दर्ज की, बाद में घटनास्थल के आधार पर केस को बंकमोंगरा थाना स्थानांतरित किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीम गठित की और मुख्य आरोपी डायल 112 के चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शेष तीन आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार चालक डायल 112 सेवा में संविदा पर कार्यरत था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। वहीं, पीड़िता का इलाज अस्पताल में जारी है।

