धमतरी पुलिस ने ग्राम छाती में निकाली यातायात व हेलमेट जागरूकता रैली
उत्तम साहू
धमतरी, 10 जनवरी 2026। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत धमतरी पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशानुसार ग्राम छाती में यातायात जागरूकता एवं हेलमेट जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल के छात्र-छात्राओं ने पंपलेट, पोस्टर और प्रेरणादायक स्लोगन तख्तियों के साथ नगर में भव्य यातायात जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से बच्चों ने आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित वाहन चालन और सड़क सुरक्षा के महत्व का संदेश दिया।
इसके पश्चात धमतरी पुलिस यातायात, ग्रामीण युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों के सहयोग से हेलमेट जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, तेज गति से वाहन न चलाने तथा स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की समझाइश दी गई।
धमतरी पुलिस ने उपस्थित नागरिकों को बताया कि हेलमेट केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि जीवन रक्षक सुरक्षा कवच है। इस अभियान में बच्चों, युवाओं और ग्रामीण नागरिकों की सक्रिय भागीदारी ने यह सिद्ध किया कि सड़क सुरक्षा एक सामूहिक जिम्मेदारी है।
धमतरी पुलिस यातायात ने बताया कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान एवं भविष्य में भी जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात जागरूकता, हेलमेट अभियान एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्यक्रम निरंतर जारी रहेंगे, ताकि जिले को सुरक्षित, अनुशासित और दुर्घटनामुक्त बनाया जा सके।

