सड़क हादसा..स्कॉर्पियो ने उजाड़ा सुहाग, पति-पत्नी की दर्दनाक मौत, 12 घायल
कांकेर। नेशनल हाईवे-30 की सड़क बुधवार रात चीख-पुकार और मातम की गवाह बनी, जब अवैध शराब से लदी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो मौत बनकर सामने आई। पालिटेक्निक कॉलेज के पास स्कॉर्पियो और बोलेरो की आमने-सामने टक्कर इतनी भयानक थी कि बोलेरो सवार पति-पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 12 अन्य लोग जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं।
बताया जा रहा है कि बोलेरो में सवार सभी लोग कोंडागांव जिले से बलौदा बाजार धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। खुशी और आस्था का यह सफर कब मातम में बदल गया, किसी को भनक तक नहीं लगी।
हादसे के बाद जब पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली, तो सच्चाई देखकर हर कोई सन्न रह गया। वाहन के अंदर शराब की बोतलों का अंबार लगा था। प्रारंभिक अनुमान में करीब एक लाख रुपये की अवैध शराब मिलने की बात सामने आई है। शराब मध्य प्रदेश की बताई जा रही है, जिसे बस्तर क्षेत्र में खपाने की तैयारी थी।
हादसे के तुरंत बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर गाड़ी मालिक और चालक की तलाश तेज कर दी है।
एसडीओपी मोहसिन खान ने बताया कि मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है और शराब तस्करी के नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है।
यह हादसा सिर्फ सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि अवैध शराब तस्करी का खौफनाक चेहरा बनकर सामने आया है—जिसने दो जिंदगियां छीन लीं और कई परिवारों को गहरे जख्म दे दिए।

