प्रदेश में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, कई जिलों के एसपी बदलने के संकेत
रायपुर। राजधानी रायपुर में कमिश्नरी सिस्टम अब औपचारिक रूप से लागू हो चुका है। शहर के पहले पुलिस आयुक्त IPS डॉ. संजीव शुक्ला ने 23 जनवरी को अपने अधीनस्थ अधिकारियों—एडिशनल सीपी, डीसीपी और एसीपी—के साथ पदभार संभालते हुए कार्यभार ग्रहण किया।
कमिश्नरी सिस्टम की स्थापना को लेकर बीते दिनों पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर तबादले किए गए थे। भापुसे और राज्य पुलिस सेवा के कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस प्रक्रिया में तत्कालीन बिलासपुर आईजी रहे डॉ. संजीव शुक्ला समेत कुल 15 वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यस्थल बदले गए।
इसी कड़ी में शुक्रवार को प्रदेश के सीनियर आईपीएस अधिकारियों को पदोन्नति भी दी गई। जारी आदेश के अनुसार 2001 बैच के आईपीएस अधिकारी डॉ. आनंद छाबड़ा को आईजी से पदोन्नत कर एडीजी बनाया गया है। वहीं 2008 बैच के प्रशांत अग्रवाल, मिलना कुर्रे, नीथू कमल और डी. श्रवण को आईजी रैंक पर प्रमोशन मिला है।
प्रमोशन और नए प्रशासनिक ढांचे के बाद माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कई जिलों के एसपी भी बदले जा सकते हैं, जिससे प्रदेश की पुलिस व्यवस्था में और बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।

