धमतरी में राइस मिलों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 1.77 करोड़ का अवैध धान जब्त

0

 

धमतरी में राइस मिलों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 1.77 करोड़ का अवैध धान जब्त



उत्तम साहू 

धमतरी, 11 जनवरी 2026। जिले में धान खरीदी और कस्टम मिलिंग व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर आज जिले के सभी अनुविभागों में राइस मिलों की सघन जांच एवं भौतिक सत्यापन अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई एसडीएम के नेतृत्व में राजस्व एवं मंडी विभाग की संयुक्त जांच टीमों द्वारा की गई।

अभियान के दौरान धमतरी अनुविभाग की कविता राइस मिल और अजय ट्रेडिंग कंपनी (देमार), नगरी अनुविभाग की एस.के. फूड्स एवं ए.एस.डब्ल्यू. राइस मिल तथा कुरूद अनुविभाग की श्री लक्ष्मी राइस मिल में छापामार कार्रवाई की गई। जांच के समय स्टॉक और अभिलेखों के मिलान में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

जांच में पाया गया कि कुछ राइस मिलरों द्वारा निर्धारित मापदंडों के विपरीत भारी मात्रा में अवैध धान का भंडारण किया गया था, वहीं एक राइस मिल में बड़ी मात्रा में धान की कमी भी दर्ज की गई। इन सभी मामलों में मंडी अधिनियम एवं संबंधित नियमों के तहत अवैध धान की जब्ती की कार्रवाई की गई।

मिल-वार जांच में कविता राइस मिल में 250 क्विंटल, अजय ट्रेडिंग कंपनी देमार में 105 क्विंटल, एस.के. फूड्स में 76 क्विंटल और ए.एस.डब्ल्यू. राइस मिल में 72 क्विंटल अतिरिक्त धान पाया गया। वहीं कुरूद अनुविभाग की श्री लक्ष्मी राइस मिल में 6989 क्विंटल धान की गंभीर कमी सामने आई। जब्त एवं अनियमित धान का कुल अनुमानित मूल्य ₹1,77,42,963 (एक करोड़ सतहत्तर लाख बयालीस हजार नौ सौ तिरसठ रुपये) आंका गया है।

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने इस कार्रवाई को शासन की शून्य सहिष्णुता नीति का स्पष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और कस्टम मिलिंग जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सभी मिलर्स को सख्त चेतावनी देते हुए शासन के साथ ईमानदारी से सहयोग करने के निर्देश दिए।

जिला प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी राइस मिलों पर सतत निगरानी और औचक निरीक्षण की कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !