जनदर्शन बना उम्मीदों का मंच, 1950 आवेदनों पर दिखी त्वरित कार्रवाई

0

 


जनदर्शन बना उम्मीदों का मंच, 1950 आवेदनों पर दिखी त्वरित कार्रवाई

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल से लोगों को मिला तत्काल राहत का भरोसा



उत्तम साहू 

रायपुर, 8 जनवरी 2026। सुशासन केवल नीतियों और योजनाओं तक सीमित नहीं होता, बल्कि आमजन की पीड़ा को समझकर समय पर समाधान देना ही उसकी असली पहचान है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आयोजित जनदर्शन इसी भावना का सजीव उदाहरण बनकर सामने आया। राजधानी रायपुर स्थित शासकीय निवास कार्यालय में आज आयोजित जनदर्शन में कुल 1950 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई मामलों में मौके पर ही समाधान कर लोगों को राहत दी गई।

जनदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याएं पूरे धैर्य और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कई जरूरतमंदों को तत्काल आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई, जिससे शासन की तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

दिव्यांगजनों को मिला आत्मनिर्भरता का सहारा

आज का जनदर्शन कई दिव्यांगजनों के लिए नई रोशनी लेकर आया। रायपुर के खामतराई निवासी जीवन दास मानिकपुरी और आरंग के भारत साहू को बैटरी चालित ट्राइसिकल प्रदान की गई, जिससे अब वे स्वतंत्र रूप से आवागमन कर सकेंगे। इसी तरह चंदू यादव और सुमन साहू को ट्राइसिकल व व्हीलचेयर दी गई। वहीं, श्रवण क्षमता खो चुके सागर नायक और उमेश पटेल को तत्काल श्रवण यंत्र उपलब्ध कराए गए, जिससे उनके जीवन में फिर से संवाद की संभावना बनी।

लकवाग्रस्त बसंती को मिला 5 लाख का संबल

महासमुंद जिले के ग्राम बड़ेटेमरी निवासी श्रीमती बसंती साव के लिए जनदर्शन आशा की किरण साबित हुआ। पैरों से लकवाग्रस्त बसंती ने इलाज हेतु आर्थिक सहायता की गुहार लगाई थी। मुख्यमंत्री ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता योजना के तहत 5 लाख रुपए की राशि स्वीकृत कराई। इससे पहले भी शासन द्वारा उन्हें 75 हजार रुपए की सहायता मिल चुकी थी।

राशन कार्ड की समस्या का तुरंत समाधान

रायपुर के तात्यापारा निवासी 60 वर्षीय श्रमिक हनुमंत राव की वर्षों पुरानी समस्या भी आज सुलझ गई। माता-पिता के निधन के बाद राशन कार्ड न बनने से वे शासकीय योजनाओं से वंचित थे। मुख्यमंत्री ने उनकी बात सुनते ही अधिकारियों को तत्काल राशन कार्ड बनाने के निर्देश दिए।

जरूरतमंदों को मिली आर्थिक सहायता

जनदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने तीन दिव्यांगों को 20-20 हजार रुपए की सहायता प्रदान की। इसमें रायपुर के राज शर्मा, रायगढ़ के ओमप्रकाश निषाद तथा फूल गिरी गोस्वामी शामिल हैं। सहायता राशि से शिक्षा, इलाज और पारिवारिक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

“संवेदनशीलता ही सुशासन की नींव” – मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि जनदर्शन केवल शिकायत दर्ज करने का मंच नहीं, बल्कि जनता के प्रति सरकार की जवाबदेही का प्रतीक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर आवेदन पर संवेदनशीलता और गंभीरता से कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशान न होना पड़े।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !