भाजपा किसान मोर्चा के सह मीडिया प्रभारी बने दुष्यंत शर्मा, संगठन में हर्ष
हरदीबाजार। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में प्रदेश स्तर पर नई जिम्मेदारियों का वितरण किया गया है। कोरबा जिले के ग्राम पंचायत बोईदा निवासी एवं सक्रिय कार्यकर्ता दुष्यंत शर्मा को भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा का प्रदेश सह मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
दुष्यंत शर्मा की नियुक्ति की घोषणा के बाद पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में हर्ष और उत्साह का माहौल देखा गया। संगठन के शीर्ष नेतृत्व ने उनके अब तक के संगठनात्मक अनुभव, सक्रिय कार्यशैली तथा मीडिया क्षेत्र में प्रभावी भूमिका को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
नियुक्ति के पश्चात दुष्यंत शर्मा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसका वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा की नीतियों, योजनाओं एवं जनहित से जुड़े कार्यों को मीडिया के माध्यम से प्रभावी रूप से जनता तक पहुँचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दुष्यंत शर्मा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि उनके योगदान से किसान मोर्चा की मीडिया गतिविधियाँ और अधिक सशक्त व प्रभावी होंगी।

