न्यू ईयर फेस्ट 2026 : गंगरेल में उमंग, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की धूम
गंगरेल में चार दिवसीय “न्यू ईयर फेस्ट” उल्लास के साथ संपन्न
गंगरेल को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में न्यू ईयर फेस्ट अहम पहल : कलेक्टर
उत्तम साहू
धमतरी, 04 जनवरी 2026। नववर्ष 2026 के स्वागत में जिला पर्यटन समिति, धमतरी द्वारा गंगरेल बांध परिसर में आयोजित चार दिवसीय भव्य “न्यू ईयर फेस्ट” आज सायंकाल रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हर्षोल्लासपूर्वक संपन्न हुआ। यह महोत्सव 1 जनवरी से 4 जनवरी 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से सायं 7 बजे तक आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
नववर्ष के पहले ही दिन गंगरेल बांध परिसर उत्सवमय वातावरण से सराबोर नजर आया। धमतरी सहित आसपास के जिलों से पहुंचे सैलानी हिंदी फिल्मी गीतों एवं छत्तीसगढ़ी लोकधुन “महुआ झरे” पर झूमते दिखाई दिए। बच्चों, युवाओं, युवतियों एवं परिवार के साथ आए पर्यटकों ने आयोजन का भरपूर आनंद लिया और इसकी मुक्त कंठ से सराहना की।
समापन दिवस पर छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रोचक प्रस्तुतियां दी गईं। इसके साथ ही फिल्मी संगीत एवं लोकगीतों पर पर्यटक देर शाम तक झूमते रहे। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गंगरेल बांध में आयोजित यह चार दिवसीय फेस्ट उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों से भरपूर रहा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने महोत्सव का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि गंगरेल को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने, स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने, क्षेत्रीय संस्कृति को मंच प्रदान करने तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से इस महोत्सव का आयोजन किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि आगामी वर्ष इस फेस्ट को और अधिक बड़े एवं भव्य स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
महोत्सव के अंतिम दिन धनेन्द्र रॉक बैंड, असीरा लाइव बैंड, संगवारी म्यूजिकल ग्रुप, भोपाल राव पवार पॉलिटेक्निक कॉलेज, दीक्षा कौशिक, बंटी वाधवानी, सृजन ग्रुप, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, फोक बैंड, परम नृत्य, एक्जेक्ट फाउंडेशन संस्था एवं मंज़िल ग्रुप द्वारा आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दूर-दूर से आए पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर खेलो इंडिया के अंतर्गत आगामी 14 फरवरी से आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं एवं पंजीयन की जानकारी भी दी गई। कलेक्टर श्री मिश्रा, अपर कलेक्टर श्री पवन प्रेमी, एसडीएम श्री पीयूष तिवारी सहित अन्य अधिकारियों ने खेलो इंडिया के लोगो का प्रमोशन किया और जिले के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा चार दिनों तक चले गंगरेल फेस्ट में प्रस्तुति देने वाले सभी प्रतिभागियों को मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही राजधानी रायपुर से आए छत्तीसगढ़ी फिल्म “सरकारी दामाद” के कलाकार श्री यशवंत आनंद एवं सुश्री सुरभि कृष्ण श्रीवास्तव ने फिल्म का प्रमोशन किया और दर्शकों से अधिक से अधिक संख्या में फिल्म देखने का आग्रह किया।
इस अवसर पर नगर निगम के श्री शशांक मिश्रा, श्री साहिल रंगारी, श्री आकाश गिरी गोस्वामी, श्री भूपेंद्र मानिकपुरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में पर्यटक उपस्थित रहे।




