4 लाख से अधिक 12.538 किलो गांजा के साथ युवक और युवती गिरफ्तार.. धमतरी- पुलिस की बड़ी कार्रवाई
उत्तम साहू दिनांक 15 जनवरी 2026
धमतरी। जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अर्जुनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने धमतरी–नगरी मार्ग पर ग्राम भोयना ग्राम पंचायत के पास नाकाबंदी कर 12.538 किलोग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 4 लाख 43 हजार 880 रुपये की संपत्ति जप्त की है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशानुसार जिले में अवैध नशे के कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना अर्जुनी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धमतरी–नगरी मार्ग पर गांजा का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बताए गए स्थान पर नाकाबंदी की और एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 12.538 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 25 हजार 380 रुपये बताई गई है। इसके अलावा एक बजाज मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 2 लाख 85 हजार रुपये) तथा चार मोबाइल फोन (कीमत लगभग 33 हजार 500 रुपये) जप्त किए गए। कुल जप्त मशरूका की कीमत 4 लाख 43 हजार 880 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तिलेश सिंह ठाकुर (27 वर्ष), निवासी गोपीबंद, पंडरिया, थाना पंडरिया, जिला कोरबा तथा तरूणा सिंह राजपूत (26 वर्ष), निवासी सुभाष ब्लॉक, एसईसीएल कॉलोनी, थाना कोतवाली, जिला कोरबा के रूप में हुई है।
पुलिस ने थाना अर्जुनी में अपराध क्रमांक 05/26 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है और गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगेगा।

