सेना भर्ती के लिए युवाओं में भारी उत्साह, पहले दिन 412 युवाओं की उपस्थिति

0

 सेना भर्ती के लिए युवाओं में भारी उत्साह, पहले दिन 412 युवाओं की उपस्थिति

जिला प्रशासन की सुदृढ़ व्यवस्था के बीच अग्निवीर सेना भर्ती प्रारंभ, युवाओं में दिखा देशसेवा का जज्बा


उत्तम साहू 

धमतरी, 10 जनवरी 2026/- जिला धमतरी में आयोजित प्रदेश स्तरीय अग्निवीर सेना भर्ती रैली का शुभारंभ आज उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। भर्ती के पहले दिन छत्तीसगढ़ के 06 जिलों—सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, जशपुर, बलरामपुर एवं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही—से आए युवाओं ने पूरे जोश और अनुशासन के साथ अपनी प्रतिभा एवं शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया।

इस दिन के लिए कुल 532 अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड जारी किए गए थे, जिनमें से 412 युवाओं ने भर्ती स्थल पर उपस्थित होकर प्रक्रिया में भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच आयोजित दौड़ परीक्षा में 311 युवाओं ने सफलता हासिल की। दौड़ उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों को अब शारीरिक दक्षता परीक्षण, दस्तावेज़ सत्यापन तथा मेडिकल परीक्षण की अगली प्रक्रियाओं से गुजरना होगा।

जिला प्रशासन धमतरी एवं सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर के संयुक्त समन्वय से पूरी भर्ती प्रक्रिया सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। भर्ती स्थल पर सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने इस प्रदेश स्तरीय अग्निवीर सेना भर्ती को सफल बनाने हेतु कई माह पूर्व से ही व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी थीं। उनके मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विभागीय अधिकारियों तथा सेना भर्ती कार्यालय के अधिकारियों के साथ नियमित बैठकों के माध्यम से भर्ती अभियान की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई, जिसके सकारात्मक परिणाम पहले ही दिन देखने को मिले।

  भारतीय सेना में चयन प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं केवल योग्यता के आधार पर होती है। प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के जालसाजों एवं बिचौलियों के बहकावे में न आएं और अपनी मेहनत व क्षमता पर भरोसा रखें।

पहले दिन की सफल शुरुआत के साथ ही जिले में अग्निवीर भर्ती रैली को लेकर युवाओं में अपार उत्साह देखा जा रहा है, जो देश सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और जुनून को दर्शाता है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !