धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 9 किलो से अधिक गांजा सहित दो आरोपी गिरफ्तार
धमतरी, 07 जनवरी 2026। पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में अवैध नशीले पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मगरलोड पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 9 किलो से अधिक गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना मगरलोड पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भारतमाला नगरी रोड से अवैध रूप से गांजा लेकर दो गाड़ियों के माध्यम से कुरुद की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए भारतमाला रोड स्थित महानदी पुल के पास नाकाबंदी की गई। इस दौरान तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, जिसमें मोटरसाइकिल और स्कूटी सवार दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि स्कूटी चालक वाहन लॉक कर फरार हो गया।
पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से काले रंग के बैग और स्कूटी की डिकी में रखे कुल चार पैकेट गांजा बरामद किया गया। मौके पर ही गवाहों की उपस्थिति में तौल करने पर गांजे का वजन 9.056 किलोग्राम पाया गया, जिसे विधिवत जप्त किया गया।
जप्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। इसके साथ ही एक HF डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 23 P 4905) कीमती करीब 50 हजार रुपये, एक बिना नंबर की TVS जुपिटर स्कूटी कीमती 50 हजार रुपये तथा दो मोबाइल फोन कीमती 10 हजार रुपये जप्त किए गए हैं। इस प्रकार कुल जप्त संपत्ति की कीमत लगभग 5 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में
- रसिया कमार उर्फ रसीक (30 वर्ष), निवासी कुमली, थाना रायघर, जिला नवरंगपुर (ओडिशा)
- परमेश्वर बाग (53 वर्ष), निवासी खैरपदर, थाना धरमगढ़, जिला कालाहांडी (ओडिशा)
शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 07/2026, धारा 20 (ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
धमतरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध शराब, गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी पुलिस को दें। ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

