धमतरी: कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न
सड़क दुर्घटनाएं रोकने गंभीरता से काम करने की जरूरत: कलेक्टर श्री मिश्रा
ब्लैक स्पॉट से 100 मीटर पहले संकेतक लगाने के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग की अपील की
उत्तम साहू
धमतरी, 01 जनवरी 2026। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग, राजकीय सड़कों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया और कई अहम निर्णय लिए गए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि सड़क सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है और दुर्घटनाओं में कमी लाकर अमूल्य जिंदगियों को बचाया जा सकता है। उन्होंने आमजन की जान-माल की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने, आवश्यकता अनुसार ट्रैफिक सिग्नल एवं अन्य अधोसंरचनात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए। नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई तथा जन-जागरूकता अभियान तेज करने पर भी बल दिया
बैठक में संभावित दुर्घटना क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) को चिन्हांकित कर वहां व्यापक सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्गों को सहायक सड़कों से जोड़ने वाले जंक्शन पॉइंट्स पर मानक रम्बल स्ट्रिप बनाने, ब्लैक स्पॉट से 100 मीटर पूर्व संकेतक लगाने तथा ओवरस्पीड वाहनों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। हाईवे एवं स्टेट हाईवे पर पेट्रोलिंग वाहन लगातार चलाने को भी कहा गया।
उन्होंने हेलमेट और चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग को सख्ती से लागू करने, स्कूल बसों व ड्राइवरों की नियमित फिटनेस जांच, ड्राइवरों के यूनिफॉर्म व पहचान पत्र, तथा क्षमता से अधिक बच्चों को न बिठाने के निर्देश दिए। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने हेतु यातायात पुलिस, नगर निगम और आरटीओ को संयुक्त रूप से कार्य करने को कहा गया। साथ ही शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में दुर्घटना घायलों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए गए।
पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार ने सड़क सुरक्षा के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता बताई। उन्होंने दुर्घटनाजन्य स्थलों पर जिगजैग/रम्बल स्ट्रिप, साइन बोर्ड, सड़क किनारे झाड़ियों की छंटाई, रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था, वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टर लगाने तथा स्कूली व यात्री वाहनों की फिटनेस जांच पर जोर दिया। ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग पर कार्रवाई और हाईवे किनारे ढाबों की नियमित जांच के निर्देश देते हुए कहा कि शराबखोरी पाए जाने पर ढाबा संचालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से हेलमेट व सीट बेल्ट के साथ नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपील की।
बैठक के बाद कलेक्टर श्री मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री परिहार ने भखारा सड़क के संभावित दुर्घटना बिंदुओं का निरीक्षण किया। ओल्ड धमतरी रोड पर कोसमर्रा, सिहाद, कोलियारी, सेमरा-बी एवं कचना में स्पीड ब्रेकर तथा डोमा, गुजरा एवं सिलीडीह में रम्बल स्ट्रिप लगाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर आयुक्त नगर निगम श्री पी.सी. सार्वा, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अभय जायसवाल, जिला परिवहन अधिकारी श्री एम.एम. मुजाहिद, एसडीओ लोक निर्माण विभाग श्री पैकरा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


