ग्राम सांकरा में हुए हत्या के प्रयास के एक गंभीर और सनसनीखेज मामले का सिहावा पुलिस ने खुलासा

0

 ग्राम सांकरा में हुए हत्या के प्रयास के एक गंभीर और सनसनीखेज मामले का सिहावा पुलिस ने खुलासा 

अवैध प्रेम संबंध व पारिवारिक विवाद बना हत्या के प्रयास की वजह, 


उत्तम साहू 

धमतरी, 12 जनवरी 2026। थाना सिहावा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सांकरा में हुए हत्या के प्रयास के एक गंभीर और सनसनीखेज मामले का सिहावा पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर एक सप्ताह के भीतर की गई।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 04 जनवरी 2026 को ग्राम सांकरा स्थित दन्तेश्वरी मंदिर तालाब पचरी में अज्ञात आरोपियों ने धनेश्वर जोगी (35 वर्ष) पर किसी ठोस वस्तु से सिर व सिर के पिछले हिस्से में जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना की सूचना पर थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 01/2026 धारा 109(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और विश्लेषण से चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि पीड़ित धनेश्वर जोगी का आरोपी जितेन्द्र कुमार चंदनिया की पत्नी से लगातार संपर्क था और दोनों के बीच अवैध प्रेम संबंध थे। इसी बात को लेकर आरोपी जितेन्द्र चंदनिया का अपनी पत्नी और पीड़ित के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना के दिन दोपहर में पीड़ित का विवाद आरोपी चन्द्रप्रकाश चंदनिया की पत्नी से भी हुआ था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि उक्त विवाद से आक्रोशित होकर दोनों आरोपियों ने मिलकर पूर्व नियोजित षड्यंत्र रचा। आरोपियों को यह जानकारी थी कि पीड़ित प्रतिदिन शाम के समय दन्तेश्वरी तालाब पचरी में बैठता है। इसी योजना के तहत 04 जनवरी 2026 की शाम लगभग 6 बजे अंधेरे का फायदा उठाकर पीड़ित पर जान से मारने की नीयत से हमला किया गया।

आरोपी जितेन्द्र चंदनिया ने लोहे के हथौड़े से पीड़ित के सिर के पीछे वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी चन्द्रप्रकाश चंदनिया ने पीड़ित की पीठ पर लात मारकर उसे पुनः गिरा दिया।

पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उनके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त लोहे का हथौड़ा जप्त किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. जितेन्द्र कुमार चंदनिया, पिता स्व. प्रेमलाल चंदनिया, उम्र 38 वर्ष, निवासी सतनामी पारा, सांकरा, थाना सिहावा, जिला धमतरी।
  2. चन्द्रप्रकाश चंदनिया, पिता बिसहत लाल चंदनिया, उम्र 43 वर्ष, निवासी सतनामी पारा, सांकरा, थाना सिहावा, जिला धमतरी।

सिहावा पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से इस गंभीर अपराध का सफल खुलासा हो सका है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !