समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में धमतरी की बड़ी उपलब्धि
पारदर्शी व्यवस्था, समयबद्ध भुगतान से किसानों का बढ़ा भरोसा
1.23 लाख से अधिक किसानों से 58.85 लाख क्विंटल धान जिसकी कुल मूल्य राशि लगभग 1395 करोड़ रुपये से अधिक
उत्तम साहू,धमतरी, 30 जनवरी 2026।
छत्तीसगढ़ शासन की किसान हितैषी नीति के अंतर्गत धमतरी जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन कार्य सुचारु, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान जिले ने धान खरीदी के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है, जिससे किसानों का शासन की व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत हुआ है।
जिले की 74 सहकारी समितियों के माध्यम से कुल 1 लाख 29 हजार 593 किसानों ने 1 लाख 27 हजार 713.73 हेक्टेयर रकबे में पंजीयन कराया। 15 नवंबर 2025 से अब तक 1 लाख 23 हजार 691 किसानों से 58 लाख 85 हजार 629.20 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है, जिसकी कुल अनुमानित राशि 1395.56 करोड़ रुपये है। यह आंकड़ा जिले की उत्पादन क्षमता और प्रभावी खरीदी व्यवस्था का स्पष्ट प्रमाण है।
किसानों की आर्थिक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अब तक 1 लाख 17 हजार 44 किसानों को 1324.52 करोड़ रुपये का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया जा चुका है। समयबद्ध भुगतान से किसानों में संतोष और उत्साह का वातावरण है, जिससे वे आगामी कृषि कार्यों की योजना आत्मविश्वास के साथ बना पा रहे हैं।
धान के उठाव की प्रक्रिया में भी जिले ने उल्लेखनीय प्रगति की है। अब तक 26 लाख 10 हजार 663.60 क्विंटल धान का सफलतापूर्वक उठाव किया जा चुका है, जबकि शेष 32 लाख 74 हजार 965.60 क्विंटल धान का उठाव चरणबद्ध रूप से शीघ्र पूरा किया जा रहा है। परिवहन, भंडारण एवं लॉजिस्टिक व्यवस्था पर प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है।
इसके अलावा, जिले में अब तक 1 लाख 1 हजार 221 किसानों द्वारा 6774.71 हेक्टेयर रकबे का समर्पण किया जाना यह दर्शाता है कि किसान खरीदी प्रक्रिया के प्रति जागरूक हैं और नियमों का पालन कर रहे हैं।
कुल मिलाकर, धमतरी जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन व्यवस्था प्रशासनिक समन्वय, तकनीकी दक्षता और मानवीय संवेदनशीलता का सफल उदाहरण बनकर सामने आई है, जो किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ सुशासन की मजबूत तस्वीर प्रस्तुत करती है।

