राजिम त्रिवेणी संगम में भक्त माता राजिम जयंती महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

0

 

राजिम त्रिवेणी संगम में भक्त माता राजिम जयंती महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय



उत्तम साहू 

रायपुर। राजिम भक्त माता एवं माता कर्मा द्वारा दिए गए संदेश मानव समाज के लिए कल्याणकारी हैं, जिनका अनुसरण करना हम सभी का दायित्व है। यह बात मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज राजिम के पावन त्रिवेणी संगम में आयोजित भक्त माता राजिम जयंती महोत्सव को संबोधित करते हुए कही।

मुख्यमंत्री ने भगवान श्री राजीव लोचन एवं भक्त माता राजिम की पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं समाज की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने ‘साहू सृजन’ पत्रिका का विमोचन भी किया। साहू समाज द्वारा मुख्यमंत्री का गजमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने राजिम माता भक्ति जयंती की बधाई देते हुए कहा कि साहू समाज एक शिक्षित, संगठित और समृद्ध समाज है, जिसका इतिहास गौरवशाली रहा है। उन्होंने दानवीर भामाशाह एवं बाबा सत्यनारायण जी का स्मरण करते हुए कहा कि जब समाज एकजुट होता है, तो न केवल समाज बल्कि प्रदेश और देश भी सशक्त बनता है।

उन्होंने साहू समाज की सामूहिक विवाह जैसी पहलों को अनुकरणीय बताया और कहा कि माता राजिम के त्याग एवं परिश्रम से संगठित यह समाज आज शिक्षा, कृषि और व्यवसाय सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार माता राजिम के आशीर्वाद से जनता से की गई हर गारंटी को पूरा कर रही है। उन्होंने नक्सलवाद पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि 31 मार्च तक बस्तर को नक्सल-मुक्त करने का संकल्प लिया गया है और यह अभियान निर्णायक मोड़ पर है।

मुख्यमंत्री ने सिरकट्टी आश्रम में भव्य राम-जानकी मंदिर में धर्म ध्वजा स्थापना का उल्लेख करते हुए इसे पुण्य अवसर बताया। उन्होंने कहा कि अयोध्या की तर्ज पर कुटेना में भी धर्म ध्वजा की स्थापना की गई है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि साहू समाज एक संगठित समाज है और त्रिवेणी संगम की इस पावन भूमि से प्रेरणा लेकर समाज के विकास के लिए कार्य किया जाएगा।

केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि माता राजिम त्याग, तपस्या और श्रम की प्रतीक हैं। उन्होंने शिक्षा और संस्कार को समाज की प्रगति का आधार बताया।

कार्यक्रम में साहू समाज के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !