महानदी मुख्य नहर पर पुल निर्माण का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

0

 

महानदी मुख्य नहर पर पुल निर्माण का कलेक्टर ने किया निरीक्षण
मार्च 2026 तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश



उत्तम साहू 

धमतरी, 6 जनवरी 2026। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज रुद्री के समीप महानदी मुख्य नहर पर निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर पहुंचकर कार्य की प्रगति की जानकारी ली और निर्माण में आ रही बाधाओं को शीघ्र दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पुल मार्ग में लगे विद्युत पोल को हटाने की प्रक्रिया तत्काल पूर्ण कराने तथा पुल निर्माण कार्य को हर हाल में मार्च 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बेंद्रानवागांव चौक से बांध तक पहुंचने वाली सड़क का प्रस्ताव तैयार कर कार्यालय को भेजने को कहा, ताकि उसे आगामी बजट में शामिल किया जा सके। साथ ही बैराज से अछोटा तक पहुंच मार्ग को भी इसी प्रस्ताव में शामिल करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि इस पुल के निर्माण से रुद्री, बेंद्रानवागांव, अछोटा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। इससे लोगों के समय और ईंधन की बचत होगी तथा क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि पुल के बन जाने से पर्यटन स्थल रुद्री बैराज तक पहुंच सुगम होगी, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से कलेक्टर ने प्रोटेक्शन वॉल निर्माण को भी बजट में शामिल कराने हेतु प्रस्ताव उच्च कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुविधा और यातायात की सुगमता को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि पुल निर्माण की कुल लागत 534.30 लाख रुपये है, जिसमें से लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है। शेष कार्य भी निर्धारित समय-सीमा में पूरा कर लिया जाएगा। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता जल संसाधन विभाग श्री कुरेशिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !