नगरी थाना पुलिस की पहल..फरसियाँ के स्कूली बच्चों को साइबर क्राइम, नशा मुक्ति व यातायात नियमों पर किया गया जागरूक
उत्तम साहू
नगरी। ऑनलाइन ठगी की बढ़ती घटनाओं, नशे के दुष्परिणामों और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फ़रसियाँ में राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) के तत्वाधान में नगरी थाना पुलिस के सहयोग से जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगरी थाना प्रभारी चक्रधर बाघ ने कहा कि साइबर ठगी आज एक गंभीर सामाजिक समस्या बन चुकी है, जो न केवल व्यक्ति की वर्षों की कमाई को क्षणभर में खत्म कर देती है, बल्कि मानसिक तनाव, पारिवारिक संकट और सामाजिक अपमान का कारण भी बनती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अंजान कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी मांगने वाले संदेश, ऑनलाइन लॉटरी और केवाईसी अपडेट के नाम पर होने वाली ठगी से सतर्क रहने की अपील की। साथ ही बताया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या साइबर अपराध की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत नजदीकी थाना, साइबर सेल या 1930 हेल्पलाइन पर सूचना देना चाहिए।
प्रधान आरक्षक गोपी चंद्राकर ने साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय बताते हुए कहा कि ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड और सीवीवी नंबर किसी के साथ साझा न करें। ऑनलाइन लेन-देन केवल सुरक्षित और विश्वसनीय वेबसाइट या ऐप से ही करें। मजबूत पासवर्ड, टू-स्टेप वेरिफिकेशन और एंटीवायरस का उपयोग सुरक्षा को और मजबूत बनाता है। उन्होंने बताया कि साइबर ठगी की शिकायत cybercrime.gov.in पर भी दर्ज की जा सकती है।
सड़क सुरक्षा विषय पर आरक्षक योगेश साहू ने कहा कि सुरक्षित यातायात के लिए नियमों का पालन अनिवार्य है। नशे की हालत में वाहन न चलाएँ, हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएँ और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करें। पैदल यात्रियों को ज़ेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करना चाहिए।
नशा मुक्ति पर प्राचार्य नीरज कुमार सोन ने कहा कि नशे की शुरुआत अक्सर शौक या मित्रों के दबाव में होती है, जो धीरे-धीरे लत में बदल जाती है। नशा व्यक्ति की सेहत, परिवार और समाज तीनों को नुकसान पहुँचाता है। युवाओं को खेल, योग, संगीत और रचनात्मक गतिविधियों को अपनाकर नशे से दूर रहना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन रासेयो के सहायक कार्यक्रम अधिकारी यशपाल सिंह साहू ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ, रासेयो पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।


