ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र नगरी में ब्रह्मा बाबा की 57वीं पुण्यतिथि श्रद्धा भाव से मनाई गई
उत्तम साहू
नगरी। ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र नगरी में 18 जनवरी को संस्था के संस्थापक प्रजापिता ब्रह्मा बाबा की 57 वीं पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारी परिवार से जुड़े भाई-बहनों ने भाग लेकर ब्रह्मा बाबा को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर सेवा केंद्र राजऋषि भवन परिसर में ब्रह्मा बाबा की झोपड़ी एवं पावर ऑफ पीस टावर का आकर्षक निर्माण किया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 6 बजे से 7 बजे तक सामूहिक राजयोग ध्यान से हुई, जिसमें सैकड़ों साधकों ने सहभागिता की। इसके पश्चात मुरली क्लास का आयोजन किया गया, जिसमें आध्यात्मिक जीवन मूल्यों एवं आत्मिक शांति पर प्रकाश डाला गया।
मुरली क्लास के उपरांत सभी उपस्थित भाई-बहनों ने ब्रह्मा बाबा के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। पूरे परिसर में शांति और आध्यात्मिकता का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम के अंत में ब्रह्माकुमारी राजयोगिनी भावना बहन ने सभी भाई-बहनों को भोग वितरित किया। उन्होंने कहा कि ब्रह्मा बाबा का जीवन मानव कल्याण, त्याग और सेवा की प्रेरणा देता है तथा उनके द्वारा दिया गया राजयोग ज्ञान आज भी समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान कर रहा है।
श्रद्धांजलि समारोह में उपस्थित सभी भाई बहनों ने ब्रह्मा बाबा के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।





