कलेक्टर ने जनमन योजना अंतर्गत निर्माणाधीन एमपीसी भवन का किया निरीक्षण
विशेष पिछड़ी जनजातियों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्त्वपूर्ण पहल : कलेक्टर
उत्तम साहू
धमतरी, 17 जनवरी 2026/– कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज जनमन योजना अंतर्गत ग्राम मड़वापथरा में निर्माणाधीन बहुउद्देश्यीय केंद्र (एमपीसी भवन) का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति, संरचनात्मक गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप क्रियान्वयन का बारीकी से अवलोकन किया तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कार्यदायी एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि जनमन योजना विशेष पिछड़ी जनजातियों के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक सशक्तिकरण की एक महत्त्वाकांक्षी योजना है। इसके अंतर्गत निर्मित बहुउद्देश्यीय केंद्र ग्रामीण समुदाय के लिए एक सशक्त मंच के रूप में कार्य करेगा, जहां शासकीय योजनाओं की जानकारी, कौशल विकास प्रशिक्षण, स्वरोजगार कार्यक्रम, महिला एवं युवा सशक्तिकरण गतिविधियां तथा सामुदायिक बैठकों का आयोजन किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि यह भवन केवल एक संरचना नहीं, बल्कि ग्राम के समग्र विकास का केंद्र बनेगा।
कलेक्टर ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शासकीय निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कार्यदायी एजेंसी को निर्देशित किया कि निर्माण सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप हो तथा कार्य को समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। साथ ही निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने भवन की आंतरिक एवं बाह्य संरचना, विद्युत एवं जलापूर्ति व्यवस्था, दिव्यांगजनों के लिए सुविधाएं, स्वच्छता प्रबंधन तथा भविष्य की उपयोगिता से जुड़े प्रावधानों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन को शीघ्र उपयोग में लाने हेतु फर्नीचर, आवश्यक उपकरण एवं संचालन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण की जाएं, ताकि ग्रामवासियों को त्वरित लाभ मिल सके।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूर्ण होता है, जब उनके लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचें। जनमन योजना अंतर्गत यह बहुउद्देश्यीय केंद्र ग्राम स्तर पर शासन और समाज के बीच सेतु का कार्य करेगा। उन्होंने भवन के संचालन के पश्चात नियमित गतिविधियां संचालित करने एवं स्थानीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सहायक विकास आयुक्त, आदिम जाति विकास श्री विमल साहू सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं तकनीकी अमला उपस्थित था। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजना के उद्देश्यों को सफलतापूर्वक धरातल पर उतारने का आह्वान किया।


