मोहरा–निरई कमारपारा सड़क का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता पर दिए सख्त निर्देश

0

 

मोहरा–निरई कमारपारा सड़क का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता पर दिए सख्त निर्देश

जनमन योजना से PVTG बसाहटों को मिली मजबूत कनेक्टिविटी



उत्तम साहू 

धमतरी, 17 जनवरी 2026। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज विकासखंड मगरलोड अंतर्गत मोहरा–निरई कमारपारा मार्ग का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने जनमन (प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान) योजना के तहत निर्मित सड़क कार्य की गुणवत्ता का सूक्ष्म परीक्षण करते हुए निर्माण मानकों की बारीकी से समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सड़क की मोटाई, सतह की मजबूती, समतलता तथा जल निकासी व्यवस्था की जांच की और संबंधित अधिकारियों व ठेकेदार को निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क की दीर्घकालिक मजबूती और टिकाऊपन सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि जनमन योजना का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) की बसाहटों को मुख्यधारा से जोड़ना है। मोहरा–निरई कमारपारा सड़क का निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे कमारपारा सहित आसपास की PVTG बसाहटों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। इससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और आजीविका से जुड़ी सेवाओं तक सहज पहुंच सुनिश्चित होगी।

उन्होंने पुल-पुलियों की स्थिति, सड़क किनारों की सुरक्षा व्यवस्था, साइन बोर्ड, रोड मार्किंग तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य प्रावधानों की भी समीक्षा की। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग और समय-समय पर गुणवत्ता परीक्षण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर कमी पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।

स्थानीय ग्रामीणों से संवाद करते हुए कलेक्टर ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण सड़कें केवल दूरी नहीं घटातीं, बल्कि आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक विकास के नए अवसर भी सृजित करती हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिले में संचालित सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

निरीक्षण के अवसर पर सहायक आयुक्त, आदिम जाति विकास श्री विमल साहू सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !