कलेक्टर श्री मिश्रा ने धान खरीदी की संयुक्त समीक्षा की
पारदर्शिता, सख्त निगरानी और किसान हित सर्वोपरि : कलेक्टर
उत्तम साहू
धमतरी, 15 जनवरी 2026 — कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज कलेक्ट्रेट के सभा कक्ष में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की निगरानी हेतु गठित दलों के अधिकारियों, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों (RAEOs), पटवारियों तथा समिति प्रबंधकों की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। बैठक का उद्देश्य धान उपार्जन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, सुचारु एवं किसान हितैषी बनाना रहा।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान की खरीदी केवल वास्तविक कृषकों से ही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बिचौलियों एवं कोचियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और अवैध रूप से धान बेचने अथवा खरीदी में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि शासन द्वारा की जा रही धान खरीदी अब अंतिम चरण में है, ऐसे में विशेष सतर्कता और प्रभावी निगरानी आवश्यक है। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में किसानों का शत-प्रतिशत भौतिक एवं दस्तावेजी सत्यापन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अपात्र अथवा फर्जी प्रविष्टियों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देहारी, एसडीएम श्री पीयूष तिवारी, डिप्टी कलेक्टर श्री मनोज मरकाम एवं श्रीमती कल्पना धूर्व, उप संचालक कृषि श्री मोनेश साहू, खाद्य अधिकारी श्री बसंत कोर्राम सहित जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सत्यापन के दौरान किसानों को यह स्पष्ट जानकारी दी जाए कि केवल उनकी वास्तविक फसल की ही खरीदी की जाएगी तथा अतिरिक्त या अवास्तविक रकबे का समर्पण अनिवार्य होगा। अन्य राज्यों अथवा जिलों से धान लाए जाने की संभावना को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन जांच और चौकसी बरतने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि जिन किसानों के टोकन जारी हो चुके हैं, उनका प्राथमिकता के आधार पर सत्यापन किया जाए ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो। समिति प्रबंधकों को तौल, परिवहन, भंडारण एवं ऑनलाइन प्रविष्टियों में पूर्ण सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने यह भी स्पष्ट किया कि बेहतर और ईमानदारी से कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि लापरवाही, अनियमितता या निर्देशों की अवहेलना पाए जाने पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए धान खरीदी प्रक्रिया को समय-सीमा में और किसानों के विश्वास के अनुरूप पूर्ण करने का आह्वान किया।

