कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने मगरलोड के स्कूलों का किया निरीक्षण
बोर्ड परीक्षा तैयारी को लेकर विद्यार्थियों से संवाद, शिक्षकों को दिए ठोस दिशा-निर्देश
उत्तम साहू
धमतरी, 15 जनवरी 2026। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज मगरलोड विकासखंड के प्रवास के दौरान शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मगरलोड एवं माध्यमिक शाला लुगे का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों से आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर संवाद किया और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन, पाठ्यक्रम की गहन समझ और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने कहा कि परीक्षा को बोझ न मानकर अपनी मेहनत और ज्ञान को प्रदर्शित करने का अवसर समझें। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन समय-सारिणी बनाकर अध्ययन करने, कठिन विषयों पर विशेष ध्यान देने, पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास करने तथा पर्याप्त विश्राम व सकारात्मक सोच बनाए रखने की सलाह दी।
संवाद के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से उनके भविष्य के लक्ष्यों पर भी चर्चा की। एक छात्र द्वारा उन्नत किसान बनकर आर्थिक रूप से सशक्त होने और अन्य लोगों को रोजगार देने की इच्छा व्यक्त करने पर कलेक्टर ने उसकी सोच की सराहना की और सभी विद्यार्थियों से तालियां बजवाकर उसका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य और कड़ी मेहनत से हर सपना साकार किया जा सकता है।
इसके पश्चात कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्वामी आत्मानंद स्कूल भैंसमुंडी के प्राचार्य एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं की बैठक लेकर बोर्ड परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विद्यालय का परीक्षा परिणाम शिक्षकों की प्रतिबद्धता, आपसी समन्वय और सतत मार्गदर्शन पर निर्भर करता है।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि होनहार विद्यार्थियों के लिए विशेष मार्गदर्शन एवं रिवीजन कक्षाएं संचालित की जाएं, कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उनके लिए अतिरिक्त कक्षाएं और व्यक्तिगत ध्यान सुनिश्चित किया जाए तथा नियमित टेस्ट व मूल्यांकन के माध्यम से छात्रों की प्रगति पर सतत निगरानी रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन विद्यालयों का बोर्ड परीक्षा परिणाम संतोषजनक नहीं होगा, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही एलुमिनी मीट को प्रभावी ढंग से आयोजित कर पूर्व छात्रों के अनुभवों का लाभ वर्तमान विद्यार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में बीईओ श्री मनीष ध्रुव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में कलेक्टर ने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों को केवल परीक्षा उत्तीर्ण कराने तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अनुशासित, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में भी कार्य करें।

