कलेक्टर ने भखारा तहसील के धान खरीदी केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
रकबा समर्पण, टोकन कटान एवं धान उठाव व्यवस्था की समीक्षा
उत्तम साहू
धमतरी, 13 जनवरी 2026/ कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज भखारा तहसील अंतर्गत संचालित 5 धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर धान खरीदी व्यवस्था की गहन समीक्षा की। उन्होंने डोमा, बगदेही, कोसमर्रा, भखारा एवं सेमरा (बी) समितियों में पहुंचकर धान खरीदी की संपूर्ण प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने टोकन कटान, किसानों द्वारा धान विक्रय, रकबा समर्पण, भंडारण क्षमता तथा धान उठाव की स्थिति की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों एवं समिति प्रबंधकों से फीडबैक लेते हुए व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम कुरूद श्री नभसिंह कोसले, डिप्टी कलेक्टर श्री मनोज मरकाम सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने निर्देश दिए कि जिन किसानों के टोकन जारी हो चुके हैं, उनका धान प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध रूप से खरीदा जाए, ताकि किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा का सामना न करना पड़े। उन्होंने वास्तविक एवं छोटे किसानों को धान खरीदी में विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।
रकबा समर्पण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं फर्जी बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी एवं निष्पक्ष रूप से संचालित होनी चाहिए। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि पहली बार धान विक्रय हेतु टोकन कटवाने वाले किसानों के खेतों एवं निवास स्थल पर राजस्व अधिकारियों द्वारा अनिवार्य भौतिक सत्यापन किया जाए। सत्यापन के दौरान यदि अवैध धान विक्रय अथवा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की सूक्ष्म समीक्षा करते हुए धान उठाव की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि खरीदे गए धान का समय पर परिवहन हो सके और किसानों को भुगतान में किसी प्रकार की बाधा न आए।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा द्वारा जिले में धान खरीदी व्यवस्था की सतत निगरानी की जा रही है। इसके तहत उन्होंने बीते सोमवार की देर शाम भी धमतरी में औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया था और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।


