धमतरी पुलिस के नव आरक्षकों की पहली जनरल परेड, एसपी ने दिया अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश

0

 

धमतरी पुलिस के नव आरक्षकों की पहली जनरल परेड, एसपी ने दिया अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश


उत्तम साहू 

धमतरी। जिला धमतरी में हाल ही में चयनित नव आरक्षकों की सेवा काल की पहली जनरल परेड का निरीक्षण पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार द्वारा किया गया। इस अवसर पर एसपी ने नव आरक्षकों की शारीरिक दक्षता, परेड अनुशासन, वेशभूषा एवं समग्र प्रस्तुति का गहन अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान एसपी श्री परिहार ने नव आरक्षकों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, समयपालन एवं एकरूपता बनाए रखने के संबंध में महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की पहचान उसका अनुशासन, आचरण एवं वेशभूषा होती है, जिससे आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और सम्मान स्थापित होता है।



एसपी ने स्पष्ट किया कि उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को निश्चित रूप से ईनाम एवं प्रोत्साहन दिया जाएगा, वहीं कर्तव्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा खराब कार्य करने वालों के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। यह नीति पुलिस बल में अनुशासन और कार्यकुशलता बनाए रखने के लिए आवश्यक है।

जनरल परेड के दौरान उत्कृष्ट वेशभूषा एवं अनुशासन पाए जाने पर निरीक्षक चन्द्रकांत साहू, सहायक उप निरीक्षक दिनेश चंदेल, प्रधान आरक्षक गिरीश नाग, प्रधान आरक्षक दौलत मरकाम, आरक्षक भुवन भक्ता, आरक्षक सालिक राम, आरक्षक टी. सिन्ना एवं आरक्षक भीमसेन साहू को सेवा पुस्तिका में प्रशंसा अंकित कर पुरस्कृत किया गया। वहीं, निर्धारित मानकों के अनुरूप वेशभूषा में नहीं पाए जाने पर सहायक उप निरीक्षक बिरेन्द्र बैस एवं आरक्षक शत्रुघन प्रसाद (यातायात शाखा) को सेवा पुस्तिका में निंदा की सजा दी गई तथा भविष्य में सुधार हेतु सख्त हिदायत दी गई।



उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024–25 की आरक्षक भर्ती परीक्षा में धमतरी जिले में 106 आरक्षक (जीडी) एवं 02 ट्रेड आरक्षक, कुल 108 आरक्षकों का चयन हुआ है। इनमें से वर्तमान में 28 महिला आरक्षक, 32 पुरुष आरक्षक एवं 02 ट्रेड आरक्षक, कुल 62 नव आरक्षकों की ज्वाइनिंग हो चुकी है। पुलिस मुख्यालय के आदेशानुसार दिनांक 11 जनवरी 2026 को 30 पुरुष एवं 21 महिला आरक्षकों को पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय, राजनांदगांव में आधारभूत प्रशिक्षण हेतु भेजा जाएगा।

पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार ने नव आरक्षकों से अपेक्षा जताई कि वे प्रशिक्षण अवधि के दौरान पूर्ण अनुशासन का पालन करेंगे और स्वयं को एक अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ एवं आदर्श पुलिसकर्मी के रूप में तैयार करेंगे।

जनरल परेड निरीक्षण के दौरान डीएसपी सुश्री मोनिका मरावी, रक्षित निरीक्षक श्री दीपक शर्मा, सभी थाना एवं चौकी प्रभारी, यातायात प्रभारी सहित थाना-चौकी एवं रक्षित केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !