धमतरी जिले के युवाओं को मुख्यमंत्री से मिला ‘युवा रत्न सम्मान’
सुश्री आरू साहू को लोककला के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए युवा रत्न सम्मान..
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की
उत्तम साहू
धमतरी, 13 जनवरी 2026। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर रायपुर स्थित नवीन विश्राम भवन में आयोजित युवा रत्न सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने धमतरी जिले के युवा स्टार सेवा समिति, खुरतुली एवं सुश्री आरू साहू को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान से सम्मानित किया।
यह समारोह 12 जनवरी (सोमवार) को स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद ने अल्प आयु में ही भारत की सांस्कृतिक समृद्धि को विश्व पटल पर स्थापित किया। उन्होंने युवाओं से दृढ़ इच्छाशक्ति, परिश्रम, समर्पण और संकल्प के साथ अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में धमतरी जिले के खुरतुली की युवा स्टार सेवा समिति को स्वास्थ्य, पर्यावरण, स्वच्छता, साक्षरता, महिला उत्थान, सामाजिक जागरूकता, नशामुक्ति, मतदाता जागरूकता एवं जल स्रोतों के संरक्षण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
वहीं सुश्री आरू साहू को लोककला के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए युवा रत्न सम्मान प्रदान किया गया। उन्हें एक लाख रुपये का चेक भी प्रदान किया गया।
सुश्री आरू साहू छत्तीसगढ़ की एक उभरती हुई एवं लोकप्रिय लोक गायिका हैं। वे अपने छत्तीसगढ़ी लोकगीतों, विशेषकर छठ पूजा गीतों के माध्यम से यूट्यूब और फेसबुक पर लाखों श्रोताओं के बीच पहचान बना चुकी हैं और अपनी कला के जरिए राज्य की लोक संस्कृति को निरंतर बढ़ावा दे रही हैं।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। राज्य सरकार युवाओं की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। पहली बार राज्य में व्यक्तिगत क्षमता और समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान को मान्यता देते हुए 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को ‘युवा रत्न सम्मान’ से नवाजा गया है।
राज्य स्तर पर सम्मानित अन्य युवा
समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए अन्य युवाओं को भी सम्मानित किया। इनमें बेमेतरा के एस्ट्रोफिजिक्स के युवा वैज्ञानिक एवं पीएचडी छात्र श्री पीयूष जायसवाल, कांकेर की सुश्री शिल्पा साहू (सामाजिक सेवा), सरगुजा के श्री अमित यादव (साहित्य), महासमुंद की सुश्री मृणाल विदानी (नवाचार), दुर्ग की सुश्री परिधि शर्मा (शिक्षा), बिलासपुर की अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी सुश्री संजू देवी, कवर्धा के श्री सचिन कुनहरे (कला एवं संस्कृति) शामिल हैं।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने सभी सम्मानित युवाओं, धमतरी जिले की युवा स्टार सेवा समिति एवं सुश्री आरू साहू को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

