नांदघाट पुलिस की सख्ती रंग लाई, सर्वाधिक वाहन जांच पर टीआई लेखराम ठाकुर व स्टॉफ सम्मानित
उत्तम साहू
बेमेतरा/नांदघाट। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और गुम/चोरी हुए वाहनों की पतासाजी के लिए चलाए जा रहे विशेष सघन जांच अभियान में नांदघाट थाना पुलिस ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन के लिए थाना प्रभारी टीआई लेखराम ठाकुर एवं उनकी टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) द्वारा नगद इनाम से पुरस्कृत किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू के निर्देश पर जिलेभर में “सशक्त एप (एप्लिकेशन)” के माध्यम से कबाड़ी दुकानों, बस स्टैंड, वाहन रिपेयरिंग सेंटर, होटल-ढाबों, हाट-बाजारों और प्रमुख चौक-चौराहों पर व्यापक स्तर पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य न केवल चोरी व गुमशुदा वाहनों की पहचान करना है, बल्कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव, एसडीओपी बेरला विनय कुमार, डीएसपी राजेश कुमार झा एवं डीएसपी कौशिल्या साहू के मार्गदर्शन में जिले की समस्त थाना, चौकी, यातायात शाखा एवं साइबर सेल की टीमें लगातार पेट्रोलिंग और चेकिंग में जुटी हुई हैं।
09 जनवरी 2026 को जिलेभर में चलाए गए इस अभियान के तहत कुल 1,285 वाहनों की जांच की गई। इनमें
- थाना बेमेतरा – 100 वाहन
- थाना नांदघाट – 586 वाहन
- थाना दाढ़ी – 26 वाहन
- थाना खम्हरिया – 33 वाहन
- थाना साजा – 35 वाहन
- थाना बेरला – 78 वाहन
- थाना चंदनू – 15 वाहन
- चौकी देवकर – 98 वाहन
- चौकी खण्डसरा – 39 वाहन
- चौकी देवरबीजा – 45 वाहन
- चौकी संबंलपुर – 20 वाहन
- यातायात बेमेतरा – 210 वाहन
सबसे अधिक 586 वाहनों की जांच कर नांदघाट थाना ने पूरे जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी सराहनीय कार्य के चलते टीआई लेखराम ठाकुर एवं उनकी टीम को एसपी द्वारा नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि टीआई लेखराम ठाकुर इससे पूर्व धमतरी जिले के सिहावा एवं भखारा थाना में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जहां उनके कार्यकाल को अनुशासित, सक्रिय और परिणामोन्मुखी माना जाता रहा है।
जिले में लगातार चल रहे इस अभियान से अपराधियों में जहां हड़कंप मचा है, वहीं आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा और पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है। बेमेतरा पुलिस का यह अभियान आने वाले दिनों में और भी व्यापक रूप लेने की संभावना है।

