धान खरीदी व्यवस्था की हकीकत जानने कलेक्टर पहुंचे नगरी ब्लॉक के केंद्रों में

0

 

धान खरीदी व्यवस्था की हकीकत जानने कलेक्टर पहुंचे नगरी ब्लॉक के केंद्रों में



उत्तम साहू 

धमतरी, 14 जनवरी 2025। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्थाओं का जायजा लेने कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज नगरी विकासखंड के धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने माकरदोना, गट्टासिल्ली, बेलरगांव एवं नगरी धान मंडी खरीदी केंद्रों में पहुंचकर धान उपार्जन की संपूर्ण प्रक्रिया का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने टोकन कटान, किसानों द्वारा धान विक्रय, रकबा समर्पण, भंडारण क्षमता तथा धान उठाव की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों एवं समिति प्रबंधकों से फीडबैक लेकर व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।



कलेक्टर श्री मिश्रा ने किसानों की सुविधा, धान तौल की प्रक्रिया, बारदाना उपलब्धता, नमी मापक यंत्रों की स्थिति, धान के रख-रखाव, साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर खरीदी प्रक्रिया को लेकर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान तौल में पारदर्शिता, किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा से बचाने, सभी दस्तावेजों के नियमानुसार संधारण तथा केंद्रों में बैठने, पीने के पानी और छाया की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही धान के सुरक्षित भंडारण एवं शीघ्र उठाव पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

कलेक्टर ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने, शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आपसी समन्वय से किसानों को समय पर भुगतान कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने धान खरीदी अभियान को और अधिक सुचारू एवं पारदर्शी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।

इस अवसर पर नगरी एसडीएम सुश्री प्रीति दुर्गम, खाद्य एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोहित बोरझा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !