जिला बदर आरोपी गिरफ्तार, चाकू लहराकर फैला रहा था दहशत

0

 जिला बदर आरोपी गिरफ्तार, चाकू लहराकर फैला रहा था दहशत



उत्तम साहू 

धमतरी, 13 जनवरी 2026। धमतरी पुलिस ने अवैध रूप से जिले में प्रवेश कर सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराने वाले जिला बदर आरोपी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर जिले में असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जिला बदर आरोपी सौरभ सोनी स्टेशनपारा क्षेत्र में बिना वैध अनुमति के प्रवेश कर हाथ में बंटची चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि माननीय दंडाधिकारी द्वारा आरोपी को एक वर्ष की अवधि के लिए जिला बदर किया गया था और उसे सरहदी जिलों से दूर रहने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद आरोपी बिना किसी वैध दस्तावेज के धमतरी शहर में घूम रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से एक बंटची चाकू बरामद की गई, जिसके संबंध में वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

इस मामले में थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 22/2026 के तहत धारा 223 बीएनएस, छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 15 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

आरोपी का विवरण
नाम: सौरभ सोनी
पिता का नाम: नरेन्द्र सोनी
उम्र: 25 वर्ष
पता: आमातलाब रोड, श्रीराम नगर, धमतरी
थाना: सिटी कोतवाली, जिला धमतरी (छ.ग.)

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, धमकी, अवैध हथियार रखने और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वर्ष 2020 से 2024 के बीच उसके विरुद्ध भादवि और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में अनेक प्रकरण दर्ज हो चुके हैं, जिससे उसकी आपराधिक प्रवृत्ति स्पष्ट होती है।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गुंडा बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त और निरंतर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !