कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने गणतंत्र दिवस आयोजन की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली, सौंपी जिम्मेदारियाँ

0

 


कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने गणतंत्र दिवस आयोजन की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली, सौंपी जिम्मेदारियाँ

डॉ. शोभाराम देवांगन स्कूल के एकलव्य खेल मैदान में होगा मुख्य समारोह


उत्तम साहू 

धमतरी, 06 जनवरी 2026/ राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस को गरिमामय एवं हर्षोल्लासपूर्ण ढंग से मनाने के लिए कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी। बैठक में कलेक्टर ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जिला मुख्यालय में गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह डॉ. शोभाराम देवांगन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के एकलव्य खेल मैदान में आयोजित किया जाएगा।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने निर्देश दिए कि 26 जनवरी को सभी शासकीय कार्यालयों में सुबह 7.30 बजे तक ध्वजारोहण पूर्ण कर लिया जाए तथा अधिकारी सुबह 8 बजे कलेक्टोरेट में ध्वजारोहण हेतु उपस्थित रहें। मुख्य समारोह की अंतिम रिहर्सल 24 जनवरी को सुबह 9 बजे एकलव्य खेल मैदान में आयोजित की जाएगी।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री गजेंद्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी एवं श्री पवन प्रेमी, एसडीएम श्री पीयूष तिवारी, श्री नभसिंह कोसले सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी को गणतंत्र दिवस समारोह की सम्पूर्ण व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी। पुलिस विभाग को ध्वजारोहण पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा परेड निरीक्षण हेतु वाहन व्यवस्था, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं शहीद परिवारों को आमंत्रण, ध्वज व्यवस्था, परेड निरीक्षण तथा निर्धारित प्रोटोकॉल के पालन की जिम्मेदारी दी गई।

लोक निर्माण विभाग एवं जल संसाधन विभाग को समारोह स्थल पर बैरिकेडिंग, मैदान समतलीकरण, रंग-रोगन, मार्चपास्ट ट्रैक निर्माण तथा मुख्य अतिथि की बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं लोक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा आयुक्त नगर पालिक निगम धमतरी को संयुक्त रूप से शामियाना, पंडाल, कनात एवं अतिथियों व गणमान्य नागरिकों के लिए कुर्सी व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई।

वन विभाग द्वारा आवश्यक बांस-बल्ली की व्यवस्था एवं मार्चपास्ट तथा झांकियों के लिए पृथक-पृथक पुरस्कार की व्यवस्था की जाएगी। आयुक्त नगर पालिक निगम धमतरी द्वारा समारोह स्थल पर पेयजल व्यवस्था एवं परेड ग्राउंड की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को एम्बुलेंस, पैरामेडिकल स्टाफ, आवश्यक औषधियों एवं स्वास्थ्य अमले की व्यवस्था का दायित्व सौंपा गया। समारोह स्थल पर अग्निशमन व्यवस्था जिला कमांडेंट नगर सेना धमतरी द्वारा की जाएगी। ध्वजारोहण के पश्चात पुलिस एवं नगर सैनिकों की टुकड़ियों द्वारा सलामी की तैयारी के भी निर्देश कलेक्टर ने दिए।

मुख्य समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा अपनी योजनाओं को दर्शाती झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। साथ ही स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति, पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र वितरण, निमंत्रण पत्र वितरण, फोटो एवं वीडियोग्राफी सहित सभी आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !