कलेक्टर ने फसल चक्र परिवर्तन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषि विस्तार अधिकारियों को किया सम्मानित
उत्तम साहू
धमतरी, 06 जनवरी 2026। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में फसल चक्र परिवर्तन को सफलतापूर्वक बढ़ावा देने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जिले के दो ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर श्रीमती भाग्यश्री एवं श्री संतोष नेताम को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि फसल चक्र परिवर्तन एवं फसल विविधीकरण के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने में कृषि विस्तार अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि इन अधिकारियों के सतत प्रयासों और नवाचारों के परिणामस्वरूप जिले में रबी फसलों के रकबे में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने अन्य कृषि अधिकारियों से भी इनके कार्यों से प्रेरणा लेकर किसानों को नई फसलों की ओर प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
श्रीमती भाग्यश्री द्वारा वर्ष 2025-26 में रबी फसलों का रकबा गत वर्ष के 250.00 हेक्टेयर से बढ़ाकर 890.82 हेक्टेयर किया गया, जिससे 640.82 हेक्टेयर की वृद्धि हुई। इसके अतिरिक्त एक अन्य फसल में रकबा 5.00 हेक्टेयर से बढ़कर 15.00 हेक्टेयर हो गया, जिसमें 10.00 हेक्टेयर की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
इसी प्रकार श्री संतोष नेताम द्वारा वर्ष 2025-26 में रबी फसलों का रकबा 261.00 हेक्टेयर से बढ़ाकर 511.30 हेक्टेयर किया गया, जिससे 250.30 हेक्टेयर की वृद्धि हुई। साथ ही एक अन्य फसल में रकबा 45.00 हेक्टेयर से बढ़कर 62.00 हेक्टेयर हो गया, जिसमें 17.00 हेक्टेयर की वृद्धि दर्ज की गई।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री गजेंद्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी, उप संचालक कृषि श्री मोनेश साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

