नाबालिग से दुष्कर्म करने के बाद हत्या, आरोपी गिरफ्तार
नारायणपुर/ जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में पता चला है कि हत्या से पहले उसके साथ दुष्कर्म किया गया था। इस मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, नाबालिग 31 दिसंबर से लापता थी। परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। चार दिन बाद 4 जनवरी को गांव के ही एक खेत में उसका शव बरामद हुआ। ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जहां रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज की। जांच के दौरान सामने आया कि नाबालिग की पहचान गांव के ही निवासी संजू कुमेटी नामक युवक से थी और उसे आखिरी बार उसी के साथ देखा गया था।
शक के आधार पर पुलिस ने 5 जनवरी को युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर नाबालिग की हत्या की थी और शव को खेत में फेंक दिया था।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक प्रेस नोट जारी किया है।

