धमतरी जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी पूरी तरह सुव्यवस्थित और पारदर्शी
कलेक्टर के मैदानी निरीक्षण से किसानों में बढ़ा भरोसा
कलेक्टर ने 6 धान उपार्जन केन्द्रों का किया औचक निरीक्षण, किसानों से सीधा संवाद
1.14 लाख से अधिक किसानों से 54.81 लाख क्विंटल धान की खरीदी, 1208 करोड़ रुपये का भुगतान
उत्तम साहू
धमतरी, 20 जनवरी 2026 धमतरी जिले के सभी धान उपार्जन केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संचालित की जा रही है। शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को बेहतर सुविधा, समयबद्ध भुगतान एवं पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा द्वारा लगातार मैदानी निरीक्षण किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज कलेक्टर श्री मिश्रा ने जिले के 6 धान उपार्जन केन्द्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी और किसानों से सीधे संवाद किया।
6 उपार्जन केन्द्रों का औचक निरीक्षण
कलेक्टर श्री मिश्रा ने धमतरी तहसील के लोहरसी, पोटियाडीह, आमदी तथा भखारा तहसील के धरसीवा, डोमा एवं दाही धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं किसानों के बीच पहुंचकर धान खरीदी की प्रक्रिया, टोकन व्यवस्था, तौल, भुगतान एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया।
किसानों ने खरीदी व्यवस्था, कर्मचारियों के सहयोग एवं भुगतान की स्थिति को लेकर अपनी बातें रखीं, जिन पर कलेक्टर ने तत्परता से संज्ञान लिया।
धान खरीदी प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया—टोकन कटने की स्थिति, धान विक्रय, रकबा समर्पण, फसल सत्यापन, धान उठाव, भुगतान प्रक्रिया, का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि छोटे, सीमांत एवं वास्तविक किसानों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक प्रतीक्षा न हो, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान
कलेक्टर ने उपार्जन केन्द्रों पर किसानों के लिए उपलब्ध पेयजल,छाया,बैठने की व्यवस्था,तौल व्यवस्था का निरीक्षण कर जहां आवश्यकता थी, वहां तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
धान उपार्जन की प्रगति (15 नवम्बर 2025 से अब तक)
जिले में धान खरीदी की स्थिति निम्नानुसार है—
- 1,14,470 किसानों से 54,81,688.80 क्विंटल धान की खरीदी
- कुल खरीदी मूल्य: 1299.78 करोड़ रुपये
- 1,05,376 किसानों को 1208.63 करोड़ रुपये का भुगतान
समय पर भुगतान सुनिश्चित होने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है और किसानों में शासन व प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है।
पारदर्शिता और सख्ती के निर्देश
कलेक्टर श्री मिश्रा ने रकबा समर्पण एवं फसल सत्यापन की भी गहन समीक्षा की। उन्होंने अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं फर्जी बिक्री पर सख्त नियंत्रण के निर्देश देते हुए कहा कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही या मिलीभगत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि पहली बार धान विक्रय हेतु टोकन कटवाने वाले किसानों का अनिवार्य भौतिक सत्यापन किया जाए। सत्यापन में गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
धान उठाव तेज करने के निर्देश
कलेक्टर ने धान उठाव की गति बढ़ाने के निर्देश दिए ताकि उपार्जन केन्द्रों में भीड़ कम हो, भंडारण की समस्या न आए और किसानों को समय पर भुगतान मिल सके।
आगामी व्यवस्था की स्थिति
- 21 जनवरी 2026 के लिए 2462 किसानों को 10,261.42 क्विंटल धान खरीदी हेतु टोकन जारी
- अब तक 21,97,099.60 क्विंटल धान का उठाव
- उपार्जन केन्द्रों में 32,84,589.20 क्विंटल धान उठाव हेतु शेष
- 88,782 किसानों का 4767.32 हेक्टेयर रकबा समर्पण पूर्ण
किसानों में सकारात्मक संदेश
कलेक्टर के इस सक्रिय, संवेदनशील एवं किसान-केन्द्रित निरीक्षण से किसानों में सकारात्मक संदेश गया है। किसानों ने धान खरीदी व्यवस्था में सुधार, प्रशासन की तत्परता एवं समयबद्ध भुगतान पर संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला खाद्य अधिकारी श्री बसंत कोर्राम, जिला विपणन अधिकारी श्री सुनील सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

