कुएं में कूदकर 7 लोगों की जान बचाने वाले जयंत ध्रुव को कलेक्टर ने किया सम्मानित
उत्तम साहू
धमतरी, 20 जनवरी 2026/ कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कुरूद विकासखंड के ग्राम बगदेही निवासी श्री जयंत कुमार ध्रुव को उनके अदम्य साहस एवं मानवता की मिसाल पेश करने के लिए सम्मानित किया। कलेक्टर ने कहा कि श्री ध्रुव ने अपनी जान की परवाह किए बिना कुएं में कूदकर दुर्घटनाग्रस्त लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर समाज के लिए प्रेरणास्पद उदाहरण प्रस्तुत किया है।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने श्री ध्रुव के उज्ज्वल भविष्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए उन्हें शॉल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि धमतरी जिले के ग्राम बगदेही में रविवार को ऑटो चालक की लापरवाही के कारण बुजुर्गों एवं बच्चों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर गहरे कुएं में गिर गया था। हादसे के समय ऑटो में चालक सहित कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें 3 से 4 वर्ष के मासूम बच्चे तथा बुजुर्ग शामिल थे।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय सरपंच पति श्री जयंत ध्रुव ने बिना समय गंवाए अदम्य साहस का परिचय देते हुए कुएं में छलांग लगाई और अपनी जान जोखिम में डालकर डूब रहे मासूम बच्चों सहित सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। उनकी त्वरित कार्रवाई और साहस से एक बड़ा हादसा टल गया।
कलेक्टर ने इस अवसर पर कहा कि ऐसे साहसी नागरिक समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और आपदा की घड़ी में दूसरों के लिए प्रेरणा बनते हैं।

