ई-ऑफिस में धमतरी की उल्लेखनीय प्रगति : कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के नेतृत्व में डिजिटल प्रशासन को मिली नई गति

0

 

ई-ऑफिस में धमतरी की उल्लेखनीय प्रगति : कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के नेतृत्व में डिजिटल प्रशासन को मिली नई गति



उत्तम साहू 

धमतरी, 20 जनवरी 2026। डिजिटल इंडिया की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में शासन द्वारा लागू की गई ई-ऑफिस प्रणाली धमतरी जिले में प्रशासनिक पारदर्शिता, गति और जवाबदेही का सशक्त माध्यम बनकर उभरी है। छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में जहां ई-ऑफिस के माध्यम से शासकीय कार्यों का सफल संचालन हो रहा है, वहीं धमतरी जिला भी इस दिशा में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज कर रहा है।



19 जनवरी 2026 की स्थिति में जिलेवार समीक्षा के अनुसार धमतरी जिले में ई-ऑफिस के माध्यम से कुल 4,479 प्रकरणों का निष्पादन किया गया है। यह आंकड़ा दर्शाता है कि जिले के विभिन्न शासकीय विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली को न केवल अपनाया गया है, बल्कि उसका नियमित और प्रभावी उपयोग भी सुनिश्चित किया जा रहा है। फाइलों का ऑनलाइन संधारण, नोटशीट, अनुमोदन और पत्राचार के माध्यम से परंपरागत कागजी कार्यप्रणाली में उल्लेखनीय कमी आई है।

धमतरी जिले में राजस्व, शिक्षा, पंचायत, महिला एवं बाल विकास, कृषि, स्वास्थ्य, वन, आदिवासी कल्याण, लोक निर्माण, नगरीय प्रशासन, सहकारिता, श्रम, पुलिस, निर्वाचन सहित अनेक विभाग ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से कार्य कर रहे हैं। इससे विभागों के बीच समन्वय बेहतर हुआ है और फाइलों के अनावश्यक विलंब में कमी आई है। अब निर्णय प्रक्रिया अधिक त्वरित, पारदर्शी और ट्रैक करने योग्य बन गई है।

ई-ऑफिस प्रणाली से जहां एक ओर समय और संसाधनों की बचत हो रही है, वहीं दूसरी ओर कागज के उपयोग में कमी आने से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सकारात्मक पहल हो रही है। अधिकारी एवं कर्मचारी किसी भी समय और कहीं से भी फाइलों का अवलोकन एवं निराकरण कर पा रहे हैं, जिससे कार्यदक्षता में निरंतर वृद्धि हो रही है।

इस उपलब्धि के पीछे कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा का दूरदर्शी नेतृत्व और सतत मार्गदर्शन प्रमुख रूप से परिलक्षित होता है। कलेक्टर मिश्रा ने ई-ऑफिस को केवल तकनीकी व्यवस्था न मानते हुए प्रशासनिक सुधार का सशक्त औजार बनाया है। उन्होंने अधिकतम शासकीय कार्य ई-ऑफिस के माध्यम से किए जाने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर श्री मिश्रा समय-समय पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए कहते रहे हैं कि “डिजिटल प्लेटफॉर्म आज की आवश्यकता है। ई-ऑफिस से कार्यों की गति बढ़ती है और जवाबदेही व पारदर्शिता सुनिश्चित होती है।” उनके इस संदेश का सकारात्मक प्रभाव यह रहा कि जिले के विभिन्न विभागों में ई-ऑफिस का उपयोग लगातार बढ़ता गया।

ई-ऑफिस के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु नियमित समीक्षा, प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग, कर्मचारियों की शंकाओं का समाधान तथा बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे जिले में डिजिटल कार्यसंस्कृति को मजबूती मिली है।

कुल मिलाकर, ई-ऑफिस की प्रगति के आंकड़े यह स्पष्ट करते हैं कि धमतरी जिला डिजिटल सुशासन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आने वाले समय में ई-ऑफिस का और अधिक व्यापक उपयोग प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ आम नागरिकों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !