कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक संपन्न
उत्तम साहू
धमतरी, 20 जनवरी 2026/ कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने धान खरीदी की स्थिति की समीक्षा करते हुए अब तक की खरीदी, उठाव तथा अवैध धान के परिवहन एवं संग्रहण पर की गई कार्रवाई की जानकारी ली। साथ ही आगामी राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण की जाएं तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं झांकियों का आयोजन गरिमामय ढंग से किया जाए।
ई-ऑफिस के माध्यम से संचालित फाइलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी शासकीय फाइलें अनिवार्य रूप से ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से ही प्रेषित की जाएं। उन्होंने अंत्यावसायी, वन, लोक निर्माण विभाग, क्रेडा सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की बारी-बारी से समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में निर्माण एजेंसियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना एवं पीएम जनमन योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा कर महत्वपूर्ण कार्यों को बजट में शामिल करने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी कलेक्टर ने दिए।
कलेक्टर ने जिले में निर्माणाधीन महतारी सदन की जानकारी लेते हुए नए महतारी सदन के लिए मुख्य सड़क के समीप एवं सीएलएफ सेक्टर क्षेत्र में उपयुक्त स्थल चयन करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग को भविष्य में कलेक्ट्रेट परिसर में सभी महत्वपूर्ण कार्यालयों के निर्माण की योजना के तहत भूमि चिन्हांकन कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जल संसाधन विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने वनांचल क्षेत्रों एवं कमार बसाहटों में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति की जानकारी ली तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में जिला अस्पताल में हाल ही में की गई भर्तियों की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने आपातकालीन सेवाओं में नियुक्त स्टाफ की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ट्रामा सेंटर के आंतरिक कार्यों को बजट में शामिल करने हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री पवन प्रेमी, डिप्टी कलेक्टर डॉ. कल्पना ध्रुव सहित जिले के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

