धमतरी पुलिस की सामुदायिक पहल से सशक्त हुआ ग्राम अरौद, महिला कमांडो का गठन

0

 


धमतरी पुलिस की सामुदायिक पहल से सशक्त हुआ ग्राम अरौद, महिला कमांडो का गठन



उत्तम साहू 

धमतरी, 11 जनवरी 2026। महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में धमतरी पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में थाना अर्जुनी द्वारा ग्राम अरौद लीलर में महिला सुरक्षा एवं सामुदायिक पुलिसिंग को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत अरौद में ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें महिला सुरक्षा, सामाजिक जागरूकता तथा ग्राम स्तर पर कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को पुलिस–जन सहयोग की महत्ता बताते हुए महिलाओं की सुरक्षा, आपराधिक गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध घटना की त्वरित सूचना पुलिस को देने की अपील की।

इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण एवं ग्राम स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ग्राम अरौद में महिला कमांडो का गठन किया गया। गठित महिला कमांडो को थाना अर्जुनी पुलिस द्वारा टोपी, सिटी (व्हिसल), पहचान पत्र (आई-कार्ड) एवं साड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया। इस पहल से महिला कमांडो का मनोबल बढ़ा है और वे गांव की सुरक्षा में सक्रिय भूमिका निभा सकेंगी।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने, अवैध शराब विक्रय की सूचना पुलिस को देने तथा सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाने के संबंध में भी समझाइश दी गई। वहीं महिलाओं को महिला सुरक्षा, नशामुक्त समाज, साइबर फ्रॉड से बचाव और गुड टच–बैड टच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। पुलिस ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करें और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें।

थाना अर्जुनी पुलिस ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं समाज की रीढ़ हैं और ग्राम स्तर पर कानून व्यवस्था, सामाजिक जागरूकता एवं सुरक्षा बनाए रखने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिला कमांडो पुलिस एवं ग्रामीणों के बीच सेतु बनकर कार्य करेंगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना समय पर पुलिस तक पहुंचाएंगी।

धमतरी पुलिस की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस–जन सहयोग को नई मजबूती मिली है। पुलिस प्रशासन ने भविष्य में भी सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत इस प्रकार के जागरूकता एवं सहभागिता आधारित कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की बात कही है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !