धमतरी पुलिस ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत जिले में चलाया जागरूकता अभियान,
स्कूली विद्यार्थियों को दिया यातायात नियमों का संदेश
उत्तम साहू
धमतरी, 14 जनवरी 2026। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशानुसार धमतरी पुलिस यातायात शाखा द्वारा जिलेभर में लगातार यातायात जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों के साथ-साथ विशेष रूप से स्कूली छात्र-छात्राओं में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना है।
इसी क्रम में वंदे मातरम इंग्लिश मीडियम स्कूल, धमतरी एवं ग्राम बनरौद स्थित हाई स्कूल में विशेष यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई तथा जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए।
कार्यक्रम में दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, सड़क पार करते समय सतर्कता, यातायात संकेतों का पालन तथा सुरक्षित सड़क व्यवहार अपनाने के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का भी एक प्रमुख कारण है।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत धमतरी शहर के प्रमुख मार्गों पर अंबेडकर चौक से बस स्टैंड तक आम नागरिकों को जागरूक करने के लिए यातायात जागरूकता फ्लेक्स बैनर भी लगाए जा रहे हैं।
धमतरी पुलिस यातायात द्वारा ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से भविष्य की पीढ़ी में सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और नशामुक्त समाज के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर सुरक्षित समाज का निर्माण किया जा सके।


