सेना भर्ती रैली में युवाओं का जोश चरम पर, 591 में से 402 अभ्यर्थी दौड़ में सफल
उत्तम साहू
धमतरी, 13 जनवरी 2026। जिला धमतरी में आयोजित प्रदेश स्तरीय अग्निवीर सेना भर्ती रैली में युवाओं का देश सेवा के प्रति उत्साह देखते ही बन रहा है। भर्ती रैली के चौथे दिन छत्तीसगढ़ के बालोद, बस्तर नारायणपुर, सारंगढ़, बिलाईगढ़ एवं रायपुर जिलों से कुल 591 युवाओं ने भाग लिया।
भर्ती प्रक्रिया के तहत आयोजित दौड़ परीक्षा में अभ्यर्थियों ने कड़ी प्रतिस्पर्धा, शारीरिक क्षमता और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया। इस चरण में 402 युवाओं ने दौड़ परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की। दौड़ में सफल अभ्यर्थी अब शारीरिक प्रवीणता परीक्षण, दस्तावेज सत्यापन एवं चिकित्सा परीक्षण की अगली प्रक्रियाओं में शामिल हो रहे हैं।
भारतीय सेना में शामिल होने को लेकर छत्तीसगढ़ के युवाओं में विशेष जोश और जुनून देखने को मिल रहा है। भर्ती रैली का आयोजन जिला प्रशासन धमतरी एवं सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है, जिससे पूरी प्रक्रिया सुव्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संचालित हो रही है।
इस अवसर पर भारतीय सेना के अधिकारियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सेना में चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और केवल योग्यता के आधार पर होती है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के जालसाजों या बिचौलियों के झांसे में न आएं और अपनी मेहनत व क्षमता पर भरोसा रखें।
भर्ती रैली के आगामी चरणों को लेकर भी युवाओं में भारी उत्साह बना हुआ है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी भारतीय सेना में सेवा देने के अपने सपने को साकार करने के लिए पूरी निष्ठा और लगन के साथ प्रयासरत हैं।

