धान खरीदी व्यवस्था चरमराई, किसानों की पीड़ा सुनने पहुँची विधायक
डोंगरडुला धान खरीदी केंद्र में अव्यवस्थाओं पर विधायक ने दिखाई सख़्ती
उत्तम साहू
नगरी/डोंगरडुला। क्षेत्र के डोंगरडुला धान खरीदी केंद्र में इन दिनों धान खरीदी की व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। अव्यवस्थाओं के चलते किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। धान बेचने पहुँचे किसानों को न तो समय पर बारदाना उपलब्ध कराया जा रहा था और न ही खरीदी की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो रही थी।
बारदाना व हमाली की कमी से किसान परेशान
किसानों ने बताया कि दोपहर 12 बजे तक भी बारदाना उपलब्ध नहीं कराया गया। वहीं, हमाली कार्य ठप होने के कारण कई किसान घंटों इंतजार के बाद बिना धान बेचे ही वापस लौटने को मजबूर हो रहे थे। स्थिति इतनी गंभीर थी कि अधिकारियों द्वारा किसानों का धान अनावश्यक रूप से रिजेक्ट किया जा रहा था, जिससे किसानों में आक्रोश और निराशा व्याप्त थी।
शिकायतों के बाद विधायक ने किया औचक निरीक्षण
किसानों की लगातार शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक महोदया ने डोंगरडुला धान खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना।
अधिकारियों पर भड़की विधायक, मौके पर खरीदी शुरू
निरीक्षण के दौरान जब विधायक महोदया ने पाया कि किसानों का धान बेवजह रिजेक्ट किया जा रहा है, तो उन्होंने संबंधित अधिकारियों पर कड़ी नाराज़गी जताई और उन्हें फटकार लगाई। विधायक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गुणवत्तापूर्ण धान को किसी भी स्थिति में खरीदा जाए और किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। उनके सख़्त निर्देश के बाद मौके पर ही धान खरीदी शुरू कराई गई, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिली।
व्यवस्था सुधारने के दिए सख़्त निर्देश
विधायक महोदया ने अधिकारियों को धान खरीदी केंद्र की समस्त व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने, समय पर बारदाना उपलब्ध कराने, हमाली कार्य को सुचारू रखने तथा किसानों के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसान प्रदेश की रीढ़ हैं और उनके साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
किसानों में संतोष, विधायक का जताया आभार
विधायक महोदया के त्वरित हस्तक्षेप और संवेदनशील रवैये से किसानों में संतोष देखने को मिला। किसानों ने कहा कि विधायक के निरीक्षण से ही धान खरीदी व्यवस्था में सुधार संभव हो पाया और उन्होंने इसके लिए विधायक महोदया के प्रति आभार व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर कुलदीप साहू (प्रदेश सचिव, युवा कांग्रेस), जयंती साहू (पार्षद), तामेश्वर साहू, मयंक ध्रुव सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में धान खरीदी व्यवस्था को और बेहतर बनाने की मांग की।

