धान खरीदी व्यवस्था चरमराई, सिहावा विधायक अंबिका मरकाम का खरीदी केंद्रों में औचक निरीक्षण
लापरवाह अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार, विधानसभा में मुद्दा उठाने की चेतावनी
उत्तम साहू
नगरी/ सिहावा विधानसभा क्षेत्र। में धान खरीदी व्यवस्था की बदहाली को उजागर करने के उद्देश्य से सिहावा विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती अंबिका मरकाम लगातार क्षेत्र के धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर रही हैं। इसी क्रम में उन्होंने ग्राम फरसिया (उमरगांव) एवं पांवद्वार स्थित धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र के अधिकांश धान खरीदी केंद्रों में भारी अव्यवस्था सामने आई। किसानों ने विधायक के समक्ष टोकन वितरण में अनियमितता, अनावश्यक देरी, बार-बार चक्कर कटवाने तथा धान उठाव में लापरवाही की गंभीर शिकायतें दर्ज कराईं। किसानों का कहना है कि कई दिनों से वे धान बिक्री के लिए परेशान हैं, लेकिन समय पर टोकन नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
विशेष रूप से ग्राम फरसिया स्थित धान खरीदी केंद्र की स्थिति अत्यंत चिंताजनक पाई गई, जहाँ निरीक्षण के समय जिम्मेदार अधिकारी एवं कर्मचारी नदारद मिले। किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक अंबिका मरकाम ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर विधायक ने दो टूक शब्दों में कहा,
“किसानों के एक-एक धान के दाने की समय-सीमा में खरीदी करना आपकी जिम्मेदारी है। यदि किसानों का धान समय पर नहीं खरीदा गया, तो इस गंभीर मुद्दे को हम पूरी मजबूती के साथ विधानसभा में उठाएंगे।”
विधायक अंबिका मरकाम ने कहा कि वर्तमान धान खरीदी की बदहाल स्थिति भाजपा सरकार की नीतिगत विफलता और प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करती है। आज भी बड़ी संख्या में किसानों का धान नहीं बिक पाया है और उन्हें टोकन के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। नई सरकार बने अधिक समय नहीं हुआ, फिर भी किसानों से जुड़ी सबसे महत्वपूर्ण व्यवस्था को संभालने में सरकार असफल साबित हो रही है।
पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की तुलना करते हुए विधायक ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में अधिक समर्थन मूल्य, स्पष्ट गाइडलाइन और सुव्यवस्थित प्रणाली के तहत किसानों के एक-एक दाने की खरीदी सुनिश्चित की गई थी। उस समय न किसानों को टोकन के लिए भटकना पड़ता था और न ही खरीदी केंद्रों में ऐसी अव्यवस्थाएं देखने को मिलती थीं।
अंत में विधायक अंबिका मरकाम ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भाजपा सरकार किसानों के साथ अन्याय और धोखेबाजी करती रही, तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को विधानसभा से लेकर सड़क तक पूरी ताकत के साथ उठाएगी और किसानों के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी।

