नगरी नगर पंचायत का संवेदनशील पहल: बुजुर्ग को व्हीलचेयर, एवं 13 जरूरतमंदों को छड़ी वितरण
उत्तम साहू
नगरी। मानवीय संवेदना और त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई का उदाहरण पेश करते हुए नगर पंचायत नगरी ने वार्ड क्रमांक 6 की 60 वर्षीय इंदु बाई निशाद को व्हीलचेयर उपलब्ध कराकर उनके जीवन को नई सहूलियत दी है।
जानकारी के मुताबिक इंदु बाई कुछ दिन पहले घर की सीढ़ियों से गिर गई थीं, जिसके बाद उन्हें चलने-फिरने में गंभीर परेशानी होने लगी। उम्र और शारीरिक कमजोरी के कारण वे दैनिक जरूरतों के लिए भी दूसरों पर निर्भर हो गई थीं। अपनी समस्या उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा के समक्ष रखी और निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर आवेदन प्रस्तुत किया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पंचायत प्रशासन ने तत्परता दिखाई और महज दो दिनों के भीतर धमतरी समाज कल्याण विभाग से समन्वय कर व्हीलचेयर उपलब्ध करा दी। इस त्वरित पहल से न केवल बुजुर्ग हितग्राही को राहत मिली, बल्कि प्रशासन के प्रति आमजन का भरोसा भी मजबूत हुआ।
समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों एवं सहयोगी कर्मचारियों के प्रति नगर पंचायत प्रतिनिधियों ने भी आभार जताया।
इसी क्रम में नगर पंचायत ने क्षेत्र के 13 अन्य जरूरतमंद नागरिकों को उनकी आवश्यकता अनुसार छड़ी भी वितरित की, ताकि वे अपनी रोजमर्रा की गतिविधियां आसानी से पूरी कर सकें।
व्हीलचेयर मिलने पर इंदु बाई निशाद भावुक हो उठीं और नगर पंचायत अध्यक्ष, सभापति तथा सभी जनप्रतिनिधियों के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।
नगर पंचायत नगरी की यह पहल जनसेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और संवेदनशील प्रशासन की मजबूत मिसाल बनकर सामने आई है।

