नहर में मिला लापता युवक का शव, 21 फरवरी से था घर से गायब
महासमुंद। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में लापता युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। नयापारा वार्ड क्रमांक 6 निवासी 24 वर्षीय गजेंद्र पटेल 21 फरवरी की सुबह अचानक घर से निकल गया था और वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस युवक की तलाश में जुटी हुई थी।
तलाश के दौरान आज परसदा नयापारा के पीछे स्थित नहर में युवक का शव पानी में डूबा हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का लग रहा है, लेकिन शव संदिग्ध हालत में मिलने से हत्या, आत्महत्या या हादसे — सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।

