दुष्कर्म मामले में पार्षद पति पर एफआईआर, 15 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में दर्ज एक दुष्कर्म प्रकरण ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। भाजपा की एक महिला पार्षद के पति रिंकू टंडन के खिलाफ 32 वर्षीय महिला ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। गंभीर आरोपों के बावजूद 15 दिन बीत जाने पर भी गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता के पति के घर से बाहर रहने के दौरान आरोपी ने कथित रूप से घटना को अंजाम दिया। पति के लौटने पर महिला ने पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद दंपति ने सकरी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज तो कर लिया, लेकिन अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
इधर, पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी उसे लगातार दबाव में लेकर समझौता करने और केस वापस लेने की धमकी दे रहा है। महिला का यह भी दावा है कि आरोपी को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते पुलिस कार्रवाई करने से बच रही है।
मामले में देरी से कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि आरोप सामान्य व्यक्ति पर होता तो अब तक गिरफ्तारी हो चुकी होती। वहीं पुलिस की ओर से अब तक कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है।
यह मामला अब कानून-व्यवस्था और निष्पक्ष जांच की कसौटी बनता जा रहा है। पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाते हुए जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

