दर्दनाक घटना: परीक्षा से पहले मौत का फैसला: 17 वर्षीय छात्रा फंदे पर झूली
तनाव या कोई और वजह? बोर्ड एग्जाम से पहले छात्रा की आत्महत्या
छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। दुर्ग जिला अंतर्गत घासीदास नगर में रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा नारायणी साहू ने बोर्ड परीक्षा से ठीक पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
परिजनों के मुताबिक, नारायणी कक्षा 10वीं की छात्रा थी और आत्मानंद विद्यालय हाउसिंग बोर्ड में पढ़ती थी। सोमवार दोपहर वह अपना एडमिट कार्ड लेकर घर लौटी थी। बहनों ने बताया कि वह पढ़ाई को लेकर गंभीर थी और अपनी तैयारी को लेकर आत्मविश्वास भी जताया था। रात करीब 12 बजे तक वह बहनों के साथ पढ़ाई करती रही।
मंगलवार सुबह जब मां उठीं तो बेटी को कमरे में फांसी के फंदे पर लटका देख उनकी चीख निकल गई। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
जामुल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, इसलिए आत्महत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

