शादी का झांसा देकर सालों तक शोषण: महिला की शिकायत पर आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार
कोंडागांव। शादी का वादा कर एक महिला का लंबे समय तक दैहिक शोषण करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। अनंतपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़िता को बड़ी राहत मिली है।
पीड़िता ने 12 फरवरी 2026 को अनंतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने आरोप लगाया कि मई 2002 से दिसंबर 2025 तक आरोपी कमलेश सिंह ने शादी का झांसा देकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। महिला के मुताबिक, इस दौरान वह दो बार गर्भवती हुई, लेकिन आरोपी ने उसकी इच्छा के विरुद्ध गर्भपात करवाया।
शिकायत में यह भी बताया गया कि 9 फरवरी 2026 की रात करीब 9 बजे आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। मामला दर्ज होते ही पुलिस हरकत में आई और गंभीरता को देखते हुए 13 फरवरी को थाना प्रभारी निरीक्षक गोपेन्द्र पटेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मालगांव बुडरापारा स्थित आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
38 वर्षीय आरोपी को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर दैहिक शोषण, धोखाधड़ी और मारपीट जैसे गंभीर आरोप हैं।
पुलिस ने कहा कि इस तरह के मामलों में त्वरित कार्रवाई कर स्पष्ट संदेश दिया जा रहा है कि महिलाओं के साथ अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही पीड़िता की सुरक्षा और मानसिक सहयोग को प्राथमिकता दी जा रही है। नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे ऐसे मामलों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

