पालगांव में घटिया निर्माण पर बवाल: 7 लाख की सीसी रोड पर भ्रष्टाचार का आरोप, ग्रामीणों ने काम रुकवाया
उत्तम साहू
धमतरी। सिंगपुर परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पालगांव में वन विभाग द्वारा वन प्रबंधन की राशि से बन रही सीसी रोड निर्माण पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। करीब 7 लाख रुपये की लागत से 300 मीटर लंबी सीसी रोड के निर्माण में घटिया सामग्री उपयोग किए जाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने कड़े विरोध के साथ काम बंद करवा दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में मानकों की खुली अनदेखी की जा रही है। सीमेंट की मात्रा कम रखी जा रही है, गिट्टी और रेत की गुणवत्ता भी खराब बताई जा रही है। आरोप है कि सड़क की ढलाई सही तरीके से नहीं की जा रही, जिससे निर्माण शुरू होते ही सड़क कमजोर नजर आने लगी है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि इसी तरह लापरवाही जारी रही तो सड़क कुछ ही समय में टूट जाएगी और सरकारी राशि का दुरुपयोग होगा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि निर्माण कार्य में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही और जिम्मेदार अधिकारी मौके पर निगरानी के लिए नहीं पहुंच रहे। इसी नाराजगी के चलते ग्रामीण एकजुट होकर मौके पर पहुंचे और तत्काल काम रुकवा दिया। ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्माण की तकनीकी जांच कराई जाए, दोषियों पर कार्रवाई हो और गुणवत्ता सुनिश्चित होने के बाद ही काम दोबारा शुरू किया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ आंदोलन तेज करेंगे।
वहीं, इस संबंध में वन विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों का पक्ष सामने नहीं आ सका है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द जांच कराकर मामले में सख्त कार्रवाई करेगा।

