सरस्वती शिशु मंदिर नगरी का 36वां वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न, बच्चों की प्रस्तुतियों ने जीता मन
उत्तम साहू
नगरी। प्रतिवर्ष की परंपरा को निभाते हुए सरस्वती शिशु मंदिर नगरी का 36वां वार्षिक उत्सव इस वर्ष 13 फरवरी, शुक्रवार को बड़े ही हर्ष एवं उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के भैया-बहनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित अतिथियों व अभिभावकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत नगरी के अध्यक्ष श्री बलजीत छाबड़ा उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय समिति के अध्यक्ष श्री उत्तम चंद गोलछा ने की। विशेष अतिथि के रूप में नगर पंचायत नगरी के उपाध्यक्ष श्री विकास बोहरा, पालक समिति के अध्यक्ष श्री सुरेश कुमार साहू तथा उपाध्यक्ष श्री आत्माराम यादव सहित नगरी शिक्षण समिति के पदाधिकारी एवं सदस्यगण मौजूद रहे।
प्रथम उद्बोधन में मुख्य अतिथि श्री बलजीत छाबड़ा ने शिशु मंदिर से प्राप्त अपनी शिक्षा और बचपन की स्मृतियों को साझा करते हुए विद्यालय की शिक्षण परंपरा की सराहना की। उन्होंने बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं।
इस अवसर पर उपस्थित सभी अतिथियों ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभाशीष प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय समिति के उपाध्यक्ष श्री आत्माराम यादव ने आभार प्रदर्शन करते हुए सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार का धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री प्रफुल्ल चंद साहू सहित समस्त आचार्य एवं दीदियां उपस्थित रहीं और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


