बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी सर्वोच्च प्राथमिकता पर हो: कलेक्टर अबिनाश मिश्रा

0

 


बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी सर्वोच्च प्राथमिकता पर हो: कलेक्टर अबिनाश मिश्रा

10वीं–12वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को लेकर प्राचार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित



उत्तम साहू 

धमतरी, 05 फरवरी 2026। आगामी 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में आज जिला पंचायत सभाकक्ष में जिले के समस्त शासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य परीक्षा संचालन को सुचारु, व्यवस्थित एवं परिणामोन्मुखी बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश देना था।

बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि बोर्ड परीक्षाएं विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन की एक अहम कड़ी होती हैं, जो उनके भविष्य की दिशा तय करती हैं। इसलिए परीक्षा से जुड़े सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। उन्होंने विद्यालयों में नियमित अतिरिक्त कक्षाएं, रिवीजन सत्र, मॉडल प्रश्नपत्र अभ्यास तथा विषय विशेषज्ञ शिक्षकों के मार्गदर्शन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देते हुए उनकी निरंतर मॉनिटरिंग करने पर जोर दिया।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गजेंद्र सिंह ठाकुर ने परीक्षा केंद्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष बल दिया। उन्होंने स्वच्छ पेयजल, शौचालय, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, पर्याप्त बैठक सुविधा तथा परीक्षा कक्षों की साफ-सफाई समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

जिला शिक्षा अधिकारी श्री अभय जायसवाल ने बोर्ड परीक्षाओं की संपूर्ण रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए परीक्षा केंद्रों की तैयारियों, गोपनीय सामग्री के सुरक्षित वितरण, प्रश्नपत्र एवं उत्तरपुस्तिकाओं के संकलन तथा मूल्यांकन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यालय स्तर पर परिणाम सुधार के लिए रणनीतिक कार्ययोजना बनाकर उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

जिला मिशन समन्वयक ने समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों से सतत संवाद, विद्यार्थियों को परीक्षा तनाव से मुक्त रखने तथा परामर्श सत्रों के माध्यम से मानसिक सशक्तिकरण पर बल दिया।

बैठक के अंत में सभी प्राचार्यों ने कलेक्टर द्वारा दिए गए निर्देशों का पूर्ण गंभीरता से पालन करते हुए बोर्ड परीक्षाओं में जिले के परिणामों को और बेहतर बनाने का संकल्प लिया।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !