प्रेम संबंधों के लिए मां बनी हैवान? अपने ही दो बच्चों को स्लो पॉयजन देकर उतारा मौत के घाट..
पंजाब के बठिंडा जिले के रामपुरा फूल क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां महज 15 दिनों के भीतर सगी बहन-भाई की संदिग्ध मौत ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। शुरू में इसे बीमारी माना गया, लेकिन पुलिस जांच आगे बढ़ी तो मामला कथित तौर पर मां द्वारा बच्चों को जहर देने तक जा पहुंचा।
जानकारी के अनुसार, करीब दो सप्ताह पहले परिवार की 12 वर्षीय बेटी की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई थी। उस समय परिवार ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई और अंतिम संस्कार कर दिया गया। मामला शांत ही था कि शुक्रवार रात 7 वर्षीय बेटे फतेहवीर की भी अचानक हालत बिगड़ी और उसकी भी मौत हो गई। लगातार दो बच्चों की मौत ने ग्रामीणों को शंकित कर दिया।
शनिवार सुबह गांव के सरपंच समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंचे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि दोनों घटनाओं के समय घर में मां ही मौजूद थी और उसका व्यवहार भी संदिग्ध लग रहा था। ग्रामीणों के दबाव के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला जस्सी कौर का पड़ोसी गांव के एक व्यक्ति से कथित प्रेम संबंध था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला इन संबंधों को आगे बढ़ाना चाहती थी और उसे लगता था कि उसके बच्चे इसमें बाधा बन रहे हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि महिला ने पहले बेटी और फिर कुछ दिनों बाद बेटे को कथित तौर पर चूहे मार दवा जैसा जहरीला पदार्थ देकर मार डाला।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच में मां की भूमिका सामने आने के बाद उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस अपराध में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।
इस घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि मां पर इस तरह का आरोप समाज को झकझोर देने वाला है और बच्चों के लिए सख्त न्याय होना चाहिए।
पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और अन्य वैज्ञानिक जांच के आधार पर केस को मजबूत करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का सच सामने लाया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

