मोंगरागहन हाईस्कूल में शैक्षिक उत्प्रेरणा कार्यशाला का आयोजन
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने दिया सफलता का मंत्र
उत्तम साहू
धमतरी- मोंगरागहन शासकीय हाईस्कूल मोंगरागहन में आयोजित शैक्षिक उत्प्रेरणा कार्यशाला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके आगमन पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री सार्वा ने कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों को परीक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन इससे घबराने की जरूरत नहीं है। “विद्यार्थी जीवन निरंतर सीखने और आगे बढ़ने का समय है। हर छात्र को एक स्पष्ट लक्ष्य तय कर उसी दिशा में मेहनत करनी चाहिए। उच्चतर विद्यालय का समय जीवन की दिशा तय करता है, इसलिए इस अवसर का पूरा लाभ उठाएं,” उन्होंने कहा।
उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, नियमित अध्ययन और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताते हुए अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया। श्री सार्वा ने कहा कि ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थी भी लगन और परिश्रम से बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य आर. ध्रुव ने की। इस अवसर पर भाजपा मंडल गंगरेल के महामंत्री, कोड़ेगांव के सरपंच बी. जितेंद्र सिन्हा, एसएमडीसी अध्यक्ष भुनेश्वर साहू, उपसरपंच द्रुपत निषाद, प्रधान पाठक बी. हनुमंत लाल सिन्हा, झाड़ूराम कोर्राम, हीरु साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसे उपस्थित अतिथियों ने सराहा। विद्यालय परिवार, विद्यार्थी एवं ग्रामवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

